हमें ट्रॉफी नहीं चाहिए, सिर्फ इंडिया को हराना है: पाकिस्तानी कोच वहाब रियाज से फैन्स ने कहा; भारत-PAK दोनों वुमन्स एशिया कप के सेमीफाइनल में
Published: Updated:
3 min read

पाकिस्तान वुमन्स टीम के साथ कोच वहाब रियाज। (फोटो- @PCB)
स्पोर्ट्स डेस्क. वुमन्स एशिया कप 2026 इस समय दुबई में खेला जा रहा है। टूर्नामेंट सेमीफाइनल में पहुंच गया है। इंडिया और पाकिस्तान दोनों टीम ने सेमीफाइनल में एंट्री कर ली है। यहां पाकिस्तान का श्रीलंका से मुकाबला होगा। इससे पहले एक वीडियो काफी वायरल हो रहा है, जिसमें पाकिस्तानी फैन्स अपनी टीम के कोच वहाब रियाज से इंडिया को हराने की बात कहते दिख रहे हैं। फैन्स ने कहा कि हमें ट्रॉफी नहीं चाहिए, सिर्फ टीम इंडिया को हराना है।
दरअसल, इस वुमन्स एशिया कप के ग्रुप स्टेज में इंडिया और पाकिस्तान के बीच एक मुकाबला हुआ था। इस मैच में भारतीय टीम ने पाकिस्तान को 55 रन पर ऑलआउट करते हुए 7 विकेट से मैच जीत लिया था। अब दोनों टीम फाइनल में पहुंचती हैं, तो फिर दोनों के बीच एक और मुकाबला देखने को मिल सकता है।
फैन्स ने वहाब से क्या कहा?
इससे पहले फैन्स का यह वीडियो वायरल हो रहा है। प्रैक्टिस के दौरान वहाब ग्राउंड में घूम रहे थे। इसी दौरान बाउंड्री पर उन्हें कुछ फैन्स ने आवाज देकर बुलाया। तभी फैन्स ने वहाब से कहा- 2015 वर्ल्ड कप में आपने जो शानदार प्रदर्शन किया था वही करके दिखाएं।
इस पर वहाब ने कहा, 'हम कोशिश कर रहे हैं।' फिर एक फैन ने कहा- इंडिया के खिलाफ कोशिश कीजिए। इंडिया को हराना है बस। हमें ट्रॉफी नहीं चाहिए। हमें तो बस इंडिया को हराना है।
वीडियो क्रेडिट- सोशल मीडिया।
कप्तान फातिमा से भी यही बात कही थी
ग्रुप स्टेज में भारतीय टीम के खिलाफ मैच से पहले भी फैन्स ने पाकिस्तानी वुमन्स टीम की कप्तान फातिमा सना से यही बात कही थी। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था।
ग्रुप स्टेज में पाकिस्तान ने अपना पहला मैच थाईलैंड के खिलाफ दुबई में खेला, जिसे 35 रन से जीता था। मैच के बाद फातिमा बाउंड्री पर फैन्स के साथ सेल्फी ले रही थीं। इसी दौरान फैन्स ने उनसे भारतीय टीम को हराने की बात कही।
वीडियो क्रेडिट- सोशल मीडिया।
फाइनल 13 सितंबर को होगा
भारतीय टीम वुमन्स एशिया कप का पहला सेमीफाइनल खेलेगी। इसमें उसकी टक्कर बांग्लादेश Vs UAE मैच की विनर टीम से होगी। यह सेमीफाइनल 10 सितंबर को होगा। दूसरा सेमीफाइनल पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच 11 सितंबर को खेला जाएगा। इसके बाद फाइनल 13 सितंबर को होगा।

