पाकिस्तान में कोच की बेईज्जती: पूर्व कोच का खुलासा- प्लेयर कहते हैं हमें मत सिखाओ, कई बार बॉल फेंककर मारी
Published:
3 min read

पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर और पूर्व असिस्टेंट कोच सिकंदर बख्त। (फोटो- सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क. पाकिस्तान क्रिकेट में कोच की बेईज्जती होना कोई आम बात नहीं है। यह पुराने समय से चली आ रही शर्मनाक बात है, जिसका कई मौकों पर खुलासा हुआ है। इस बार पूर्व असिस्टेंट कोच सिकंदर बख्त ने एक चौंकाने वाला खुलासा किया है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी खिलाड़ी कुछ भी सीखने को तैयार नहीं रहते।
सिकंदर ने कहा कि वे जब कोच थे तब खिलाड़ी साफ कह देते थे कि हमें मत सिखाओ, हमने तुमसे ज्यादा मैच खेले हैं। एक प्लेयर ने तो सिकंदर को बॉल फेंककर भी मारी थी, जिसमें वो बच गए थे।
इंग्लैंड दौरे के बीच में बड़े बदलाव
दरअसल, पाकिस्तान टीम ने इंग्लैंड दौरे पर 3 टेस्ट की सीरीज 2-0 से गंवा दी है। अब तीसरा टेस्ट 9 सितंबर से होना है। इससे पहले पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने 7 खिलाड़ी और 2 कोच को टीम से बाहर कर वापस बुला लिया है। इस फैसले की काफी आलोचना हो रही और कई पूर्व विदेशी क्रिकेटर्स ने पाकिस्तानी बोर्ड का मजाक तक बनाया है।
इसी बीच एक पाकिस्तानी न्यूज चैनल की डिबेट का वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें पूर्व पाकिस्तान क्रिकेटर सिकंदर बख्त, मोहम्मद आमिर और अहमद शहजाद नजर आए। इसी दौरान बख्त ने यह खुलासा किया।

सिकंदर ने क्या-क्या कहा?
सिकंदर ने कहा- एक बार मुझे रिचर्ड पायबस ने कहा कि तुम फील्डिंग करवाते हो। इन सभी खिलाड़ियों को स्लाइड करना सिखाओ। इनमें से कोई भी नहीं कर पा रहा है, इन्हें सिखाओ। मैं जब सिखाने गया तो 6 लड़कों ने मुझसे कह दिया कि 'हम स्लाइड नहीं करना चाहते, जाकर उसको बता दो। हमने जिंदगी में कभी स्लाइड नहीं की।' आज वो सब टीवी पर बैठकर बातें कर रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा- एक और लड़के की बात बताता हूं। मैंने उससे कहा था कि बेटा तुम थोड़ा गलत खेल रहे हो, तुम थोड़ा अपना यह वाला स्टाइल चेंज करो। उसने मुझसे पूछा कि आपने कितने टेस्ट खेले हैं। मैंने कहा 26। वो कहता है कि मैंने 40 खेले हैं मुझे मत बताओ कि कैसे खेलना है।
सिकंदर ने एक और खुलासा करते हुए कहा- दो बड़े क्रिकेटर्स ने मुझे बॉल मारने की कोशिश की। मैं किस्मत से बच गया। एक ने तो नेट्स ही हटा दी थीं और बॉल मेरे चेहरे के पास से गुजर गई थी। यह सब करने की वजह यह थी कि मैं उन्हें मुश्किल कैच प्रैक्टिस करवा रहा था।
वीडियो क्रेडिट- सोशल मीडिया।
यह 1999 से 2003 के बीच की बात
शायद सिकंदर बख्त 1999 से 2003 के बीच की बात कर रहे हैं, क्योंकि उसी दौरान वे पाकिस्तान टीम में कुछ समय असिस्टेंट कोच और कुछ वक्त एनालिस्ट थे। तब इंग्लैंड के रिचर्ड पायबस (Richard Pybus) 1999 से 2003 तक 3 बार अलग-अलग मौकों पर पाकिस्तान टीम के कोच रहे थे। इसी दौरान पाकिस्तान टीम के कप्तान वकार यूनिस और उपकप्तान इंजमाम उल हक थे।
उस समय पाकिस्तान टीम में वसीम अकरम, सईद अनवर, शोएब अख्तर, मोहम्मद यूसुफ, अब्दुल रज्जाक, राशिद लतीफ, सकलैन मुश्ताक और यूनिस खान जैसे प्लेयर थे। सिकंदर ने अपने इस बयान में किसी भी प्लेयर का नाम नहीं लिया।
ये भी पढ़ें: सचिन तेंदुलकर की तरह बने वैभव: BCCI सेक्रेटरी बोले- हम सूर्यवंशी को लेकर गंभीर, उसके हर कदम पर पैनी नजर है

