न्यूजीलैंड दौरे पर दो ODI टीम हो सकती हैं: आखिरी दो मैच में गिल समेत कुछ प्लेयर्स को मिलेगा आराम, शमी की वापसी पर नजरें
Published:
3 min read

तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने टीम इंडिया के लिए आखिरी मैच 9 मार्च 2025 को खेला था। (फाइल फोटो)
स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने न्यूजीलैंड दौरे के लिए टी20 टीम का ऐलान कर दिया है। हालांकि वनडे और टेस्ट टीम का ऐलान होना बाकी है। दोनों टीम की घोषणा अगले हफ्ते होने की उम्मीद है। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो न्यूजीलैंड ODI सीरीज के लिए दो टीम का ऐलान हो सकता है।
श्रेयस आखिरी दो वनडे में कप्तानी संभालेंगे
हालांकि दोनों में ज्यादा बदलाव नहीं होंगे। 5 वनडे की सीरीज के लिए शुरुआती तीन मैच के लिए फुल स्ट्रेंथ टीम का ऐलान होगा। जबकि आखिरी दो वनडे से कप्तान शुभमन गिल समेत उन खिलाड़ियों को आराम दिया जाएगा, जो टेस्ट सीरीज भी खेलेंगे।
इसका कारण है कि वनडे और टेस्ट सीरीज के बीच सिर्फ 3 ही दिन का गैप रहेगा। ऐसे में टेस्ट सीरीज खेलने वाले प्लेयर्स को आखिरी दो वनडे से आराम दिया जाएगा। उस स्थिति में आखिरी दो वनडे में गिल की जगह श्रेयस अय्यर कप्तानी संभाल सकते हैं।

ये भी पढ़ें: हरमन ने मजबूरी में कप्तानी छोड़ी: नई कैप्टन मंधाना से नजरें भी नहीं मिला रहीं, टीम के ड्रेसिंग रूम का माहौल असहज
इंडिया-ए के प्लेयर्स के परफॉर्मेंस पर नजर
इस समय इंडिया की ए टीम ऑस्ट्रेलिया-ए के खिलाफ घरेलू ODI सीरीज खेल रही है। इससे पहले 2 टेस्ट की सीरीज में 1-0 से हराया है। 3 वनडे की सीरीज का पहला मैच ऑस्ट्रेलिया ने 125 रन से जीता है। अब दोनों टीम के बीच दो वनडे और खेले जाने हैं।
सिलेक्शन कमेटी इन दो वनडे को और देखना चाहती है। इसके बाद इसमें से कुछ प्लेयर्स को न्यूजीलैंड के खिलाफ आखिरी दो वनडे के लिए सिलेक्ट किया जा सकता है। इनमें रजत पाटीदार की दावेदारी मजबूत दिख रही है। पहले वनडे में उन्होंने 53 रन की पारी खेली थी।
बॉलर्स में सूर्यांश शेडगे ने 4 और यश ठाकुर ने 3 विकेट लिए थे। इन दोनों में से भी किसी को मौका मिलना संभव है। निशांत सिंधु पर भी नजरें रहेंगी।

शमी की वापसी की उम्मीद
तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने टीम इंडिया के लिए आखिरी मैच 9 मार्च 2025 को खेला था। यह चैम्पियंस ट्रॉफी का फाइनल था। इसके बाद से शमी को टीम में मौका नहीं मिला। उन्होंने IPL 2026 सीजन में 13 मैच खेले, जिसमें 12 विकेट लिए थे। 2025 सीजन भी ठीक नहीं रहा था, जहां 9 मैच में सिर्फ 6 विकेट लिए थे।
हाल ही में शमी ने 3 फर्स्ट क्लास मैच खेले, जिसकी 5 पारी में 7 विकेट लिए। हालांकि भुवनेश्वर कुमार की करीब 4 साल बाद टीम में वापसी हुई है। ऐसे में शमी की उम्मीदें भी जगी हैं। हो सकता है कि वनडे सीरीज के लिए उन्हें टीम में सिलेक्ट किया जाएगा।

