मोहम्मद शमी की जयंत चौधरी से मुलाकात: UP इलेक्शन में उतरने के कयास; 19 महीने से टीम इंडिया से बाहर चल रहे
Published:
3 min read

भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी और RLD चीफ जयंत चौधरी की मुलाकात का फोटो वायरल हो रहा है। (फोटो- सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी इस समय सुर्खियों में है। इसकी वजह क्रिकेट नहीं बल्कि राजनीति है। शमी की राष्ट्रीय लोक दल (RLD) के चीफ जयंत चौधरी से मुलाकात हुई है। इसकी फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। इसके बाद कयास लगाए जा रहे हैं कि शमी राजनीति में एंट्री कर सकते हैं। साथ ही अगले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में उतर सकते हैं।
यह मुलाकात और अटकलें इसलिए भी तेज हैं क्योंकि UP इलेक्शन अगले साल ही होने वाले हैं। दूसरी बात ये है कि शमी करीब 19 महीने से टीम इंडिया से बाहर हैं। उन्हें किसी भी सीरीज या टूर्नामेंट के लिए सिलेक्ट नहीं किया जा रहा है।
अमरोहा सीट से चुनाव लड़ने के कयास
माना जा रहा है कि शमी RLD के टिकट पर अमरोहा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ सकते हैं। हालांकि इसको लेकर अब तक शमी या पार्टी की ओर से कोई बयान नहीं आया है। शमी का जन्म भी अमरोहा जिले में ही हुआ है। ऐसे में उनका इस विधानसभा से गहरा रिश्ता है।

इस अमरोहा विधानसभा सीट से अभी समाजवादी पार्टी के महबूब अली विधायक हैं। उन्होंने लगातार चौथी बार चुनाव जीता है। महबूब ने पिछली बार BJP के उम्मीदवार राम सिंह को 71 हजार से ज्यादा वोट से हराया था। उन्होंने 2017 में 74 हजार से ज्यादा वोट से चुनाव जीते थे।
शमी का क्रिकेट कॅरियर
36 साल के तेज गेंदबाज शमी ने भारतीय टीम के लिए आखिरी मैच 9 मार्च 2025 को चैम्पियंस ट्रॉफी का फाइनल खेला था। इसके बाद से वे टीम में वापसी के लिए जूझ रहे हैं। वे घरेलू क्रिकेट में एक्टिव हैं। शमी ने हाल ही में दलीप ट्रॉफी में ईस्ट जोन के लिए खेले थे। टीम इंडिया को अगली सीरीज वेस्टइंडीज के खिलाफ घर में खेलनी है, जिसमें शमी को नहीं चुना गया।
चीफ सिलेक्टर ने अब तक शमी को बाहर रखने का कारण उनकी फिटनेस बताया है। सिलेक्शन कमेटी ने कहा कि शमी अभी इंटरनेशनल क्रिकेट में खेलने के लिहाज से पूरी तरह फिट नहीं हैं। हालांकि शमी हमेशा कहते रहे हैं कि जब वे घरेलू क्रिकेट खेल सकते हैं तो इंटरनेशनल क्रिकेट क्यों नहीं। शमी खुद को पूरी तरह फिट बताते रहे हैं।

