तू इधर क्या छोले बेचने आया था: अकरम का बाबर आजम पर बयान, इंग्लैंड सीरीज में 7 खिलाड़ी और कोच हटाने पर रिएक्शन; VIDEO वायरल
Published: Updated:
3 min read

बाबर आजम की कप्तानी में पाकिस्तान टीम ने हाल ही में इंग्लैंड दौरा किया था, जहां टीम को टेस्ट सीरीज में 0-3 के क्लीन स्वीप से हार झेलनी पड़ी थी। (फाइल फोटो)
स्पोर्ट्स डेस्क. पूर्व पाकिस्तानी तेज गेंदबाज वसीम अकरम ने मौजूदा कप्तान बाबर आजम को लेकर बयान दिया है, जो काफी वायरल हो रहा है। इंग्लैंड दौरे पर टेस्ट सीरीज के बीच में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने 7 खिलाड़ियों और 2 कोच को बाहर कर वापस बुला लिया था। इस पर बाबर ने कहा था कि उसे इस मामले में कुछ भी नहीं पता। इस पर अकरम ने कहा कि तो फिर वो वहां क्या छोले बेचने आया था।
दरअसल, इंग्लैंड के खिलाफ शुरुआती दो टेस्ट हारने के बाद PCB ने 7 खिलाड़ियों और कोच सरफराज अहमद के साथ बॉलिंग कोच उमर गुल को भी टीम से बाहर कर वापस बुला लिया था।
इंग्लैंड ने पाकिस्तान को क्लीन स्वीप किया
ये 7 प्लेयर मोहम्मद रिजवान, सलमान अली आगा, इमाम-उल-हक, अली उस्मान, खुर्रम शहजाद, आमिर जमाल और मोहम्मद अवैस जफर थे। हेड कोच सरफराज अहमद और बॉलिंग कोच उमर गुल को भी हटा दिया गया। उनकी जगह माइक हेसन और एश्ले नॉफ्के को जिम्मेदारी दी गई थी।
इसके बावजूद पाकिस्तान टीम तीसरा टेस्ट नहीं जीत सकी और 0-3 के क्लीन स्वीप से हारी थी। तीसरा टेस्ट बर्मिंघम में हुआ था। इस मैच में टॉस के दौरान बाबर आजम से इन बदलावों को लेकर सवाल किया था, जिस पर बाबर ने कहा था कि उन्हें नहीं पता यह क्यों हुआ है। इसी जवाब को लेकर अकरम ने आलोचना की।
वीडियो क्रेडिट- सोशल मीडिया।
बाबर क्या इंग्लैंड में छोले बेचने गया था
अकरम ने एक प्रोग्राम में कहा- मेरा अनुमान गलत भी हो सकता है, लेकिन मेरा मानना है कि बाबर आजम को दोबारा कप्तानी लेनी ही नहीं चाहिए थी। इसकी कोई जरूरत ही नहीं थी।
पूर्व तेज गेंदबाज ने कहा- इंग्लैंड के खिलाफ बर्मिंघम में तीसरा टेस्ट (सीरीज का) था। टॉस के समय बाबर से पूछा कि 7 प्लेयर वापस चले गए। आपका हेड कोच और बॉलिंग कोच चले गए। इस पर आप क्या कहेंगे। इस पर बाबर ने कहा 'मुझे नहीं पता क्यों चले गए।' तो तू इधर क्या छोले बेचने आया था।

