तुम अभी बांग्लादेश में नहीं हो: मेहदी हसन पिच पर दौड़े तो स्टार्क गुस्से में बोले, अंपायर ने भी बैटर को वॉर्निंग दी; VIDEO वायरल
Published: Updated:
3 min read

तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने बांग्लादेश के खिलाफ डार्बिन टेस्ट के दूसरे दिन 2 विकेट लिए। (फोटो ग्रेब)
स्पोर्ट्स डेस्क. बांग्लादेश क्रिकेट टीम इस समय ऑस्ट्रेलिया दौरे पर है, जहां दोनों टीमों के बीच 2 टेस्ट की सीरीज खेली जा रही है। पहला टेस्ट 13 अगस्त से डार्विन में खेला जा रहा है। टेस्ट के दूसरे दिन ऑस्ट्रेलियाई पेसर मिचेल स्टार्क को गुस्सा होते देखा गया। गुस्से में उन्होंने बांग्लादेश के ऑलराउंडर मेहदी हसन मिराज से यह तक कह दिया कि तुम अभी बांग्लादेश में नहीं हो।
दरअसल, माजरा पिच के डेंजर एरिया में रन दौड़ने का है। बांग्लादेश की पहली पारी का 103वां ओवर था। यह स्टार्क का 21वां ओवर रहा। इसी ओवर की एक बॉल पर मिराज ने पॉइंट की ओर हल्के हाथ से शॉट खेलकर सिंगल लिया।
स्टार्क ने गुस्से में क्या कहा?
हालांकि इस दौरान मिराज पिच के डेंजर एरिया में दौड़ते नजर आए, जो स्टार्क और अंपायर दोनों को सही नहीं लगा। अंपायर ने मिराज को वॉर्निंग दी, लेकिन स्टार्क गुस्सा हो गए। इस पेसर ने कहा- लाइन देखो, यह लाइन है जिस पर रन दौड़ना है।
इसी दौरान स्टार्क ने गुस्से में कहा- यह मेरा फॉलोथ्रू है तुम्हारा नहीं। पिच से हटकर रन लो। अभी तुम बांग्लादेश में नहीं हो। ठीक है।
दूसरे दिन बांग्लादेश को 153 रन की लीड
अब बात मैच की करते हैं... मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर बैटिंग का फैसला किया और पहली पारी में 198 रन पर ऑलआउट हुई। स्टीव स्मिथ ने 71 रन की पारी खेली। बांग्लादेश के लिए हसन ने 55 रन देकर 6 विकेट लिए। तस्कीन अहमद और इबादत हुसैन को 2-2 विकेट मिले।
इसके बाद बांग्लादेश ने पहली पारी में दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक 6 विकेट पर 351 रन बना लिए हैं। इसके साथ ही 153 रन की बढ़त बना ली है। तंजिद हसन ने 197 बॉल पर 101 रन की पारी खेली। कप्तान नजमुल हुसैन शांतो ने 84 और मोमिनुल हक ने 49 रन बनाए। फिलहाल, मेहदी हसन मिराज 32 और हसन महमूद 13 रन पर नाबाद रहे।

