पाकिस्तानियों की दिक्कत: हेड कोच बोले- उन्हें सिर्फ भारत को हराने से मतलब, बाकी चीजों को वो सोचते ही नहीं
Published: Updated:
3 min read

न्यूजीलैंड के पूर्व क्रिकेटर माइक हेसन ने पिछले साल मई में पाकिस्तान टीम के हेड कोच का पद संभाला था। (फोटो- सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क. पाकिस्तान के लोगों की सबसे बड़ी दिक्कत यही है कि वो सिर्फ और सिर्फ भारत को हराने से ही मतलब रखते हैं। इसके अलावा दूसरी कोई चीज उनके जहन में नहीं रहती। पाकिस्तान क्रिकेट टीम भले ही दूसरी बड़ी टीमों के खिलाफ जीत हासिल कर ले, लेकिन भारत से हारती है तो PAK फैन्स परेशान हो जाते हैं। यह बात हम नहीं बल्कि पाकिस्तान टीम के हेड कोच माइक हेसन कह रहे हैं।
हेसन ने पिछले साल कोच पद संभाला
न्यूजीलैंड के पूर्व क्रिकेटर माइक हेसन ने पिछले साल मई में पाकिस्तान टीम के हेड कोच का पद संभाला था। इसके बाद सितंबर में हुए एशिया कप में टीम इंडिया से फाइनल समेत 3 मैच हुए। तीनों में पाकिस्तान को हार झेलनी पड़ी थी।
इस साल फिर टी20 वर्ल्ड कप 2026 में इंडिया-पाकिस्तान के बीच मुकाबला हुआ। यह मैच भी भारतीय टीम ने ही जीता था। ऐसे में माइक हेसन की भी पाकिस्तान में काफी आलोचना हुई।

इंडिया से जीतना ही सफलता का बेंचमार्क
माइक हेसन ने कहा कि टेस्ट टीम स्ट्रगल कर रही है यह मैं मान रहा हूं। टी20 में देखें तो पिछले 15 महीनों में टीम ने अच्छा प्रदर्शन किया है। टीम का जीत प्रतिशत बढ़ा है। 30 पॉइंट्स लेकर टीम 5वें और छठवें नंबर (ICC रैंकिंग में) पर पहुंची है।
बड़ी टीमों को हराया है, लेकिन इस दौरान हर बार भारतीय टीम से हारे हैं। पाकिस्तानी फैन्स के लिए सफलता का यही बेंचमार्क है कि इंडिया को हराया जाए। मैं यह समझता हूं। हमने पाकिस्तान ही नहीं बल्कि दुबई और अमेरिका में जाकर भी सीरीज जीती हैं। बात ODI की है तो हम वर्ल्ड कप तक प्रोग्रेस करने की कोशिश कर रहे हैं। इसमें भी अच्छी टीम बनेगी।
वीडियो क्रेडिट- सोशल मीडिया।
इंडिया से मैच के लिए तैयार हैं
एशियन गेम्स 2026 के लिए जापान रवाना होने से पहले माइक हेसन ने कराची में मीडिया से कहा- इंडिया ने व्हाइट बॉल क्रिकेट (T20I और ODI) में एक बेंचमार्क सेट कर दिया है। वहां तक पहुंचना ही हमारे लिए चुनौती है।
एशियन गेम्स में इंडिया-पाकिस्तान के बीच एक मैच होने की उम्मीद है। इस पर हेसन ने कहा- यदि हमें इंडिया के खिलाफ मैच खेलने का फिर मौका मिलता है तो हम इसके लिए तैयार हैं। जिस तरह हमने एशिया कप 2025 के फाइनल में दबाव में डाल दिया था, ठीक उसी तरह इस बार भी दबाव बनाएंगे।
28 सितंबर को इंडिया का पहला मैच
एशियन गेम्स 2026 में मेन्स क्रिकेट 24 सितंबर से शुरू हो रहे हैं। इंडिया, पाकिस्तान, श्रीलंका और बांग्लादेश को सीधे क्वार्टरफाइनल खेलना है। इंडिया और पाकिस्तान के पहले मैच अलग-अलग टीम से 28 सितंबर को होंगे। इसके बाद 1 अक्टूबर को दोनों सेमीफाइनल होने हैं। 3 अक्टूबर को फाइनल और ब्रॉन्ज मेडल मैच खेले जाएंगे।
ये भी पढ़ें: IPL और DPL में मैच फिक्सिंग का दावा: चेन्नई टीम के प्लेयर ने प्लेइंग-11 की जानकारी लीक की, हर मैच के 60 लाख रुपए मिले

