सरफराज-गुल को हटाने का फैसले मेरा नहीं: माइक हेसन की सफाई- जिम्मेदारी संभालने से पहले ही PCB फैसला ले चुका था
Published: Updated:
5 min read

पाकिस्तान के T20I कप्तान सलमान अली आगा और व्हाइट-बॉल हेड कोच माइक हेसन
स्पोर्ट्स डेस्क. पाकिस्तान टीम के रेड-बॉल कोच माइक हेसन ने साफ कर दिया है कि सरफराज अहमद और उमर गुल को उनके कोचिंग पद से हटाने के फैसले में उनका कोई हाथ नहीं था। हेसन के मुताबिक, जब तक उन्होंने टेस्ट टीम की जिम्मेदारी संभाली, तब तक PCB यह फैसला ले चुका था।
दरअसल, इंग्लैंड के खिलाफ पहले 2 टेस्ट में करारी हार के बाद PCB ने टीम में बड़ा बदलाव किया। बोर्ड ने 7 प्लेयर्स को स्क्वॉड से बाहर कर दिया, जबकि हेड कोच सरफराज अहमद और बॉलिंग कोच उमर गुल को भी उनके पदों से हटा दिया गया। उनकी जगह माइक हेसन और एश्ले नॉफ्के को जिम्मेदारी दी गई है।
अब पाकिस्तान के सामने सीरीज का आखिरी टेस्ट है। दोनों टीमों के बीच तीसरा टेस्ट 9 से 13 सितंबर तक बर्मिंघम के एजबेस्टन में खेला जाएगा। पाकिस्तान सीरीज में 0-2 से पीछे है और क्लीन स्वीप से बचने के लिए उसे यह मुकाबला हर हाल में जीतना होगा।
'इन फैसलों में मेरा कोई रोल नहीं था'
माइक हेसन ने कहा कि सीरीज के बीच इस तरह के बदलाव किसी के लिए भी आसान नहीं होते। हालांकि, अब उनका पूरा फोकस एजबेस्टन टेस्ट के लिए सही टीम और मजबूत पेस अटैक तैयार करने पर है।
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के पास अलग-अलग तरह के गेंदबाज होने चाहिए, ताकि इंग्लैंड के खिलाफ गेंदबाजी में ज्यादा विकल्प मिल सकें। हेसन के मुताबिक पाकिस्तान की क्रिकेट की पहचान हमेशा से तेज गेंदबाजी, अलग-अलग गेंदबाजी एक्शन और स्पिन रही है, लेकिन हाल के समय में टीम मैदान पर अपनी इन खूबियों का सही इस्तेमाल नहीं कर पाई।
पाकिस्तान को वापस अपनी पहचान दिलाने पर फोकस
हेसन ने टीम में शामिल किए गए युवा खिलाड़ियों को लेकर भी भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि इन खिलाड़ियों के पास भले ही कई साल का अनुभव नहीं है, लेकिन उनमें ऐसी खूबियां हैं, जो टीम के लिए उपयोगी साबित हो सकती हैं।
हेसन के मुताबिक अगर इन खिलाड़ियों को मौका मिलता है तो पाकिस्तान अपनी पुरानी पहचान वाली क्रिकेट खेल सकता है। उन्होंने कहा कि टेस्ट टीम की पहचान सिर्फ लंबे समय तक एक ही खिलाड़ियों को खिलाने से नहीं बनती, बल्कि टीम को अपनी असली ताकत के हिसाब से क्रिकेट खेलने की जरूरत होती है।

उमर गुल की हेसन ने की तारीफ
सरफराज अहमद और उमर गुल को हटाए जाने के फैसले पर बात करते हुए हेसन ने उमर गुल की तारीफ भी की। उन्होंने कहा कि गुल शानदार पेसर रहे हैं और पाकिस्तान के महान तेज गेंदबाजों में उनकी गिनती होती है।
हालांकि, हेसन ने कहा कि अब टीम को नए और युवा गेंदबाजों के विकास पर भी ध्यान देना होगा। उनके मुताबिक इन युवा गेंदबाजों ने पिछले कुछ हफ्तों में एश्ले नॉफ्के के साथ अच्छा काम किया है। हेसन ने दोबारा साफ किया कि सरफराज और उमर गुल को हटाने का फैसला उनका नहीं था। उन्हें दोनों के हटाए जाने के बाद टीम की जिम्मेदारी संभालने के लिए कहा गया था।
सलमान आगा किंग चार्ल्स से मुलाकात में क्यों नहीं पहुंचे?
माइक हेसन ने पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा के किंग चार्ल्स III से मुलाकात में शामिल नहीं होने को लेकर चल रही अटकलों पर भी सफाई दी।
पाकिस्तान टीम को इंग्लैंड दौरे के दौरान क्लेरेंस हाउस में किंग चार्ल्स से मिलने का न्योता मिला था। सलमान आगा के इस कार्यक्रम में शामिल नहीं होने के बाद ऐसी खबरें सामने आईं कि टेस्ट टीम से बाहर किए जाने के कारण उन्होंने कार्यक्रम में हिस्सा नहीं लिया। कुछ रिपोर्ट्स में इसे PCB से नाराजगी से भी जोड़कर देखा गया।
हेसन ने इन अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि सलमान आगा समेत उन खिलाड़ियों को टीम से रिलीज किए जाने के समय ही बता दिया गया था कि वे इस कार्यक्रम में शामिल नहीं होंगे। यानी आखिरी समय पर किसी का नाम नहीं हटाया गया था।

किसी ने बात का बतंगड़ बना दिया
हेसन ने कहा कि आगा, आमेर जमाल और कुछ अन्य खिलाड़ियों को पहले ही टीम से रिलीज किया जा चुका था और उन्हें साफ तौर पर बता दिया गया था कि वे इस कार्यक्रम में शामिल नहीं होंगे।
उन्होंने कहा कि टीम के बाकी खिलाड़ियों के नाम पहले से ही कार्यक्रम की लिस्ट में थे। हेसन खुद भी इस कार्यक्रम में शामिल हुए थे। उनके मुताबिक इस मामले में कोई बदलाव नहीं हुआ था, बल्कि अधूरी जानकारी को जोड़कर एक गलत कहानी बना दी गई।

तीसरे टेस्ट के लिए पाकिस्तान की नई टीम
बाबर आजम, अब्दुल्ला फजल, अराफात मिन्हास, अजान अवैस, मोहम्मद अब्बास, मोहम्मद अली, मोहम्मद इमरान, मोहम्मद इमरान जूनियर, मुहम्मद गाजी घोरी, रजाउल्लाह, साद बैग, साइम अयूब, साजिद खान, सऊद शकील, शान मसूद और उबैद शाह
ये भी पढ़ें: सचिन तेंदुलकर की तरह बने वैभव: BCCI सेक्रेटरी बोले- हम सूर्यवंशी को लेकर गंभीर, उसके हर कदम पर पैनी नजर

