भारत नहीं आएगी पाकिस्तान हॉकी टीम: चैम्पियंस ट्रॉफी 27 अक्टूबर से, बांग्लादेश टीम को मौका मिला
Published: Updated:
3 min read

एशियन गेम्स 2026 के सेमीफाइनल में भारतीय टीम ने पाकिस्तान को हराया था। फिर फाइनल में मलेशिया को हराकर गोल्ड जीता था। (फाइल फोटो)
स्पोर्ट्स डेस्क. भारत की मेजबानी में मेन्स एशियन हॉकी चैम्पियंस ट्रॉफी 2026 खेली जानी है। टूर्नामेंट 27 अक्टूबर से 5 नवंबर तक होगा। इससे पहले खबर आ रही है कि पाकिस्तान टीम इस टूर्नामेंट से बाहर हो गई है। यह टीम भारत दौरे पर नहीं आएगी।
ऐसे में पाकिस्तान की जगह बांग्लादेश हॉकी टीम को एंट्री मिली है। मेन्स एशियन हॉकी चैम्पियंस ट्रॉफी में 6 टीमें हिस्सा ले रही हैं। टूर्नामेंट के सभी मैच जालंधर और मोहाली में खेले जाने हैं।
ये भी पढ़ें: कोहली का नया वर्जन ज्यादा बेहतर: डि'विलियर्स के बयान में दम, 2016 में 100 अब 117 के स्ट्राइक रेट से खेल रहे विराट
पाकिस्तान को सुरक्षा की चिंता
पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन (PHF) ने अपनी टीम को भारत भेजने से साफ इनकार कर दिया है। PHF ने सिक्योरिटी को लेकर चिंता जताते हुए यह फैसला लिया है।
एशियन हॉकी फेडरेशन (AHF) ने पाकिस्तान की जगह बांग्लादेश टीम को एंट्री दी है। इसका ऐलान शुक्रवार (9 अक्टूबर) को ही कर दिया गया।
PHF के न्यूट्रल वेन्यू का प्रस्ताव ठुकराया
पाकिस्तानी फेडरेशन ने हाल ही में यह रिक्वेस्ट की थी कि टूर्नामेंट को किसी न्यूट्रल वेन्यू पर कराया जाना चाहिए। या फिर पाकिस्तान टीम के मैच न्यूट्रल वेन्यू पर होने चाहिए। हालांकि हॉकी इंडिया ने उनकी इस रिक्वेस्ट को ठुकरा दिया।
PHF ने अपनी टीम को भारत नहीं भेजने के फैसले के बारे में पहले ही AHF को भी बता दिया था। पिछले साल भी पाकिस्तान ने दोनों देशों के बीच बढ़ते तनाव का हवाला देते हुए तमिलनाडु में हुए जूनियर वर्ल्ड कप हॉकी टूर्नामेंट से अपना नाम वापस ले लिया था।
इंडिया ने 8 में से 5 खिताब जीते
मेन्स एशियन हॉकी चैम्पियंस ट्रॉफी का पहला सीजन 2011 में खेला गया था। इसके बाद से अब तक भारत ने 8 में से 5 बार खिताब जीता है। पाकिस्तान ने 3 और साउथ कोरिया ने एक बार खिताब जीता। 2018 में इंडिया और पाकिस्तान के बीच मैच बारिश के कारण रद्द होने पर ट्रॉफी शेयर की गई थी।
पिछले दो खिताब भारतीय टीम ने ही जीते हैं। इसके चलते इस बार मेजबान इंडिया हॉकी टीम इस बार बतौर डिफेंडिंग चैम्पियन यह टूर्नामेंट खेलने उतरेगी।
ये भी पढ़ें: टेस्ट के बीच में रेड से पिंक बॉल बदली जाएगी?: कन्फ्यूजन को MCC हेड ने क्लियर किया, कहा- बीच मैच में बॉल नहीं बदलेंगे

