गांगुली का 2002 वाला जश्न रीक्रिएट: लॉर्ड्स में इंडिया की मिक्स्ड-डिसएबिलिटी टीम ने इंग्लैंड को 118 रन से हराया, बालकनी में टी-शर्ट लहराकर जश्न मनाया
Published:
3 min read

लॉर्ड्स की बालकनी में इंग्लैंड के खिलाफ 7वें और आखिरी T20I में जीत के बाद जश्न मनाती भारतीय मिक्स्ड-डिसएबिलिटी क्रिकेट टीम। (फोटो: डिफरेंटली एबल्ड क्रिकेट काउंसिल ऑफ इंडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क. इंडिया की मिक्स्ड-डिसएबिलिटी क्रिकेट टीम ने लॉर्ड्स में इंग्लैंड को 118 रन से हराकर जीत दर्ज की। सातवें और आखिरी T20I में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 206/4 का बड़ा स्कोर बनाया, जिसके जवाब में इंग्लैंड की टीम 88 रन पर ऑलआउट हो गई। मैच जीतने के बाद भारतीय खिलाड़ियों ने लॉर्ड्स की बालकनी में सौरव गांगुली के 2002 वाले मशहूर सेलिब्रेशन को फिर से दोहराया और टी-शर्ट लहराकर जश्न मनाया।
इंडिया नें 206 रन बनाए
भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 206 रन बनाए। अर्जुन गावरे ने 44 गेंदों पर 68 रन की पारी खेली। इसके बाद कप्तान माजिद मागरे ने सिर्फ 19 बाॅल पर नाबाद 63 रन बना दिए। दोनों की इस पारी की मदद से भारत ने इंग्लैंड के सामने 207 रन का टारगेट रखा।
88 रन बना सकी इंग्लैंड टीम
टारगेट का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और सिर्फ 88 रन पर ऑलआउट हो गई। भारत की ओर से हिलाल अहमद वानी ने 4 विकेट लिए, जबकि जयेश परमार को 3 विकेट मिले।
ये भी पढ़ें: WTC में टीम इंडिया को 5.18% का फायदा: अब भी फाइनल की राह मुश्किल, 8 में से 5 टेस्ट जीतना जरूरी; देखें सिनेरियो

लॉर्ड्स की बालकनी में गांगुली वाला जश्न
मैच जीतने के बाद भारतीय खिलाड़ियों ने लॉर्ड्स की बालकनी में ऐसा जश्न मनाया, जिसने 2002 के यादगार पल को ताजा कर दिया। खिलाड़ियों और टीम अधिकारियों ने अपनी ब्लेजर उतारकर सौरव गांगुली के मशहूर टी-शर्ट लहराने वाले सेलिब्रेशन को रीक्रिएट किया।
2002 के नेटवेस्ट ट्रॉफी फाइनल में भारतीय टीम ने इंग्लैंड को हराया था। उस जीत के बाद गांगुली ने लॉर्ड्स की बालकनी में अपनी टी-शर्ट उतारकर लहराई थी।
सीरीज इंग्लैंड के नाम, भारत को आखिरी मैच में जीत
भारतीय टीम ने भले ही आखिरी मुकाबला 118 रन से जीता हो, लेकिन 7 मैचों की सीरीज इंग्लैंड ने 4-3 से अपने नाम की। मैच के बाद डिफरेंटली एबल्ड क्रिकेट काउंसिल ऑफ इंडिया (DCCI) ने खिलाड़ियों के इस खास जश्न का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया।

DCCI ने पोस्ट में लिखा- लॉर्ड्स की बालकनी में कोट उतारकर और तिरंगा लहराते हुए खिलाड़ियों ने जीत की खुशी मनाई। भारत की इस जीत ने न सिर्फ मैच का रोमांच बढ़ाया, बल्कि लॉर्ड्स से जुड़ी 2002 की एक यादगार क्रिकेट कहानी को भी फिर से ताजा कर दिया।
ये भी पढ़ें: एक सिक्स लगाओ मैं तुम्हें IPL में ले जाउंगा: यशस्वी के माइंड गेम में फंसकर श्रीलंका के डिकवेला आउट, VIDEO वायरल

