ईरान टीम को मैच के तुरंत बाद अमेरिका से निकाला: कोच बोले- हमें परेशान किया जा रहा, आराम भी नहीं करने दे रहे
Published: Updated:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. FIFA वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप-G में मंगलवार (16 जून) को ईरान और न्यूजीलैंड के बीच मैच खेला गया, जो 2-2 से ड्रॉ रहा। यह मैच अमेरिका के लॉस एंजिलिस में खेला गया। अमेरिका-इजरायल से जंग के बीच ईरान की टीम US में ही फुटबॉल मैच खेल रही थी। इसने सभी का ध्यान खींचा। हालांकि मैच के बाद ईरान के कोच आमिर गलेनोई (Amir Ghalenoei) ने एक खुलासा किया है।
उन्होंने कहा कि मैच के तुरंत बाद ही ईरान टीम को अमेरिका छोड़ने के लिए मजबूर किया गया। टीम से कहा गया कि वे अपने ट्रेनिंग कैम्प लौट जाएं। ईरान का ट्रेनिंग कैम्प मेक्सिको के तिजुआना (Tijuana) में है। FIFA वर्ल्ड कप 2026 अमेरिका, मेक्सिको और कनाडा की संयुक्त मेजबानी में हो रहा है।
टीम को सभी ग्रुप मैच अमेरिका में होंगे
ईरान टीम को ग्रुप स्टेज के अपने तीनों मैच अमेरिका में ही खेलने हैं। ऐसे में उनके खिलाड़ियों को काफी यात्रा करनी पड़ेगी। कोच आमिर ने बताया कि न्यूजीलैंड के खिलाफ 2-2 से ड्रॉ के बाद प्लेयर काफी थक गए थे। उन्हें थोड़ा आराम करने तक का समय नहीं दिया गया। आनन-फानन में टीम को मेक्सिको लौटना पड़ा।
अगला मैच 22 जून को
ईरान टीम का अगला मैच 22 जून को बेल्जियम से और तीसरा मैच 27 जून को इजिप्ट से है। टीम को हर मैच के लिए दो दिन पहले अमेरिका आना होता है। न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच के लिए टीम रविवार को ही लॉस एंजिलिस आ गई थी। अब मैच के ठीक बाद उन्हें वापस भेज दिया गया।
भारत कभी FIFA वर्ल्ड कप का हिस्सा नहीं रहा: एक मौका मिला, लेकिन नहीं लिया; चीन सिर्फ 1 बार खेला
किसी को रिकवरी का समय नहीं मिल रहा
कोच आमिर ने कहा- ट्रेवल में ही हमें इतना टाइम लग रहा है कि किसी को भी रिकवरी का समय नहीं मिल रहा है। आज मैच के बाद उन्होंने हमसे कहा कि आपको तुरंत यहां (अमेरिका) से निकलना होगा।
उन्होंने कहा- हमें रिकवरी का टाइम मिलना बेहद जरूरी है, लेकिन हमें तुरंत तिजुआना लौटने के लिए कहा गया। हम वाकई परेशान हो गए हैं। मुझे लगता है कि इस वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा हमारी टीम को परेशान किया जा रहा है।

