MLC में अश्विन-हारिस की टीम बाहर: श्रीलंका लीग में विजय-अफरीदी साथ; दोनों भारतीय रिटायर हो चुके
Published:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. दो विदेशी क्रिकेट लीग्स में पूर्व भारतीय क्रिकेटर्स और पाकिस्तान के एक्टिव प्लेयर्स का एक ही टीम में खेलने का मामला सुर्खियों में है। यह टूर्नामेंट अमेरिका की मेजर लीग क्रिकेट (MLC 2026) और श्रीलंका की लंका प्रीमियर लीग (LPL 2026) है। MLC में पूर्व भारतीय स्पिन ऑलराउंडर अश्विन और पाकिस्तानी तेज गेंदबाज हारिस रउफ एक ही टीम में शामिल हैं।
ये भी पढ़ें: U-19 वर्ल्ड कप विनर मनजोत कालरा गिरफ्तार: LPL करप्शन केस में एक्शन, श्रीलंका क्रिकेट बोला- यहां जीरो टॉलरेंस पॉलिसी
लंका प्रीमियर लीग का आगाज
MLC का फाइनल 19 जुलाई को खेला जाएगा। दूसरी ओर लंका लीग में फास्ट बॉलिंग ऑलराउंडर विजय शंकर और पाकिस्तानी पेसर शाहीन शाह अफरीदी एक ही टीम में खेलने वाले हैं। LPL का मौजूदा सीजन 17 जुलाई से शुरू हो गया है, जो 8 अगस्त तक चलेगा।
दरअसल, क्रिकेट में भारतीय और पाकिस्तान टीम के बीच 14 साल से कोई बाइलेटरल सीरीज नहीं हुई है। दोनों टीमें सिर्फ ICC टूर्नामेंट या एशिया कप में ही मैच खेल रहे हैं। इसमें भी 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम में आतंकी हमले और 6-7 मई को हुए ऑपरेशन सिंदूर के बाद दोनों टीम के प्लेयर हैंडशेक तक नहीं कर रहे हैं।
शाहीन-विजय ने पहला मैच खेला
यह भी एक वजह है कि भारतीय और पाकिस्तानी प्लेयर्स का किसी भी लीग में एक साथ और वो भी एक ही टीम में खेलने का मामला सुर्खियों में है। पहले बात लंका लीग की करते हैं, जिसमें विजय शंकर और शाहीन अफरीदी एक टीम कैंडी रॉयल्स के लिए खेल रहे हैं।
लीग का दूसरा मैच कैंडी और दाम्बुला सिक्सर्स के बीच खेला गया। इस मैच में शाहीन और विजय दोनों प्लेइंग-11 में मौजूद रहे। विजय शंकर ने इसी साल मई में भारतीय घरेलू क्रिकेट और इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) से संन्यास लिया था। इसके 5 दिन बाद उन्होंने जानकारी दी कि वे लंका लीग में खेलने जा रहे।
अश्विन-हारिस की टीम एलिमिनेटर-2 से बाहर
मेजर लीग क्रिकेट में अश्विन और हारिस रऊफ एक ही टीम सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स के लिए खेले। हालांकि दोनों किसी भी मैच में एक साथ प्लेइंग-11 में नहीं खेले। 39 साल के अश्विन का यह MLC में पहला सीजन था, जिसमें उन्होंने एक मैच खेला और कोई विकेट नहीं ले सके थे। बैटिंग उनकी आई नहीं थी। दूसरी ओर हारिस ने 10 मैच खेले, जिसमें 10 ही विकेट लिए।
इस सीजन 7 पाकिस्तानी खिलाड़ी खेलेंगे
लंका लीग के 2026 सीजन में पाकिस्तान के कुल 7 खिलाड़ी खेल रहे हैं। इनमें शाहीन के अलावा साहिबजादा फरहान, शाहनवाज दहानी, मोहम्मद नवाज, मोहम्मद हारिस, मोहम्मद वसीम जूनियर और आकिब जावेद हैं। इनमें सिर्फ फरहान ही अकेले पाकिस्तानी हैं, जिन्हें प्री-ड्राफ्ट में किसी टीम ने साइन किया था। भारतीयों में विजय अकेले ही हैं।
लंका लीग में कैंडी रॉयल्स टीम
एंजेलो मैथ्यूज (कप्तान), सेदिकुल्लाह अटल, मुदिथा लक्षण, पवन संदेश, कुसल परेरा, लाहिरू उदारा, मोईन अली, वानिंदु हसरंगा, एंजेलो मैथ्यूज, विजय शंकर, दुशान हेमंथा, विशेन हलंबेज, ब्रैंडन मैकमुलेन, डेल फिलिप्स, जहीर खान, शाहीन शाह अफरीदी, नुवान तुषारा, असिथा फर्नांडो, गारुका संकेथ, इसिथा विजेसुंदरा और सहान मिहिरा।

