भारतीय टीम ने 2 FIFA WC खेलने वाली पनामा को ड्रॉ पर रोका: रयान ने पहला गोल कर इंडिया को बढ़त दिलाई, दूसरे हाफ में वेलेंसिया के गोल से मैच ड्रॉ
Published: Updated:
3 min read

पनामा की टीम इस मुकाबले में मजबूत स्क्वॉड के साथ उतरी थी। उसके मैचडे स्क्वॉड में 2026 वर्ल्ड कप खेल चुके 12 खिलाड़ी शामिल थे। (फोटो सोर्स - @ सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क. फीफा इंटरनेशनल फ्रेंडली मैच में भारतीय फुटबॉल टीम ने पनामा को 1-1 से ड्रॉ पर रोक दिया। यह मैच बेंगलुरु के श्री कांतीरवा स्टेडियम में खेला गया। भारत ने पहले बढ़त बनाई थी। रयान विलियम्स ने 41वें मिनट में गोल करके भारत को 1-0 से आगे कर दिया। हालांकि, दूसरे हाफ में ओमर जेवियर वेलेंसिया ने गोल कर पनामा की वापसी करा दी।
रयान विलियम्स ने बढ़त दिलाई
भारत ने मैच की शुरुआत से ही अटैक करने की कोशिश की। भारतीय डिफेंस ने उसे आसानी से मौके नहीं दिए। 41वें मिनट में आकाश मिश्रा ने लेफ्ट साइड से शानदार रन बनाया। उन्होंने बॉक्स में क्रॉस दिया। रयान विलियम्स ने मौका नहीं गंवाया और गेंद को गोल में डाल दिया। इस गोल के साथ भारत ने 1-0 की बढ़त बना ली।
ये भी पढ़े: वुमन्स कबड्डी टीम ने दिलाया तीसरा गोल्ड: ईरान को 37-34 से हराया; एशियन गेम्स में इंडिया 27 मेडल के साथ 12वें नंबर पर
दूसरे हाफ में पनामा ने की वापसी
दूसरे हाफ में पनामा ने अटैक तेज कर दिया। 50वें मिनट में माइकल अमीर मुरिलो ने शॉट लिया, लेकिन भारतीय गोलकीपर गुरप्रीत सिंह संधू ने उसे आसानी से रोक लिया। इसके बाद पनामा को बराबरी का गोल मिल गया। सब्स्टीट्यूट ओमर जेवियर वेलेंसिया ने बॉक्स के बाहर से जोरदार शॉट लगाया। गेंद सीधे टॉप कॉर्नर में गई और स्कोर 1-1 हो गया।

भारत ने जीत के लिए किया अटैक
बराबरी के बाद भारत ने डिफेंसिव होने के बजाय फिर अटैक किया। टीम को बढ़त बनाने के कुछ मौके भी मिले। सब्स्टीट्यूट एडमंड लालरिंदिका के पास गोल करने का अच्छा मौका था। हालांकि, उनका शॉट गोल से बाहर चला गया। आखिरी मिनटों में दोनों टीमों ने गोल करने की कोशिश की। लेकिन कोई और गोल नहीं हुआ।
ये भी पढ़े : जापान में स्पेशल तकिया खरीदने पहुंचे बुमराह : पत्नी संजना ने पूछा- इतनी दूर ये करने गए?; जसप्रीत का मजेदार जवाब, VIDEO वायरल
पनामा की टीम में थे 12 वर्ल्ड कप खिलाड़ी
पनामा की टीम इस मुकाबले में मजबूत स्क्वॉड के साथ उतरी थी। उसके मैचडे स्क्वॉड में 2026 वर्ल्ड कप खेल चुके 12 खिलाड़ी शामिल थे। वहीं, फीफा रैंकिंग में भारत 138वें और पनामा 44वें नंबर पर था। इसके बावजूद भारतीय टीम ने पूरे मैच में पनामा को कड़ी टक्कर दी। बेंगलुरु में मैच देखने 9,039 फैंस पहुंचे थे। भारत ने पनामा जैसी मजबूत टीम के खिलाफ बढ़त बनाई और आखिर में 1-1 से ड्रॉ हासिल किया।

