भारत-बांग्लादेश सीरीज: BCCI के फेर में फंस गया BCB; 200 करोड़ से ज्यादा का नुकसान संभव- खेल के पीछे खेल समझिए
Published: Updated:
6 min read

भारत का बांग्लादेश टूर पहले 2025 में होना था। बाद में इसे पोस्टपोन कर सितंबर 2026 के लिए री-शेड्यूल किया गया था। अब फिर से शेड्यूल में टकराव हो गया है।
स्पोर्ट्स डेस्क.भारत और बांग्लादेश के बीच सितंबर में होने वाली क्रिकेट सीरीज अब मुश्किल में पड़ती नजर आ रही है। इसकी सबसे बड़ी वजह है अफगानिस्तान के खिलाफ भारत की तीन मैचों की T20I सीरीज, जिसका शेड्यूल अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) ने जारी कर दिया है।
भारत और अफगानिस्तान के बीच तीनों मुकाबले 13, 15 और 17 सितंबर को नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले जाएंगे। ऐसे में सितंबर में बांग्लादेश के साथ प्रस्तावित सीरीज के लिए जगह निकालना मुश्किल हो गया है। अगर BCCI टीम इंडिया को बांग्लादेश नहीं भेजता है, तो इसका सबसे बड़ा असर बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) की कमाई पर पड़ सकता है।

दोनों देशों के PM भी इन्वॉल्व
- पिछले दिनों बांग्लादेश बोर्ड ने अपनी सरकार से गुहार लगाई थी कि वो भारत सरकार से बातचीत करके किसी तरह ये टूर अरेंज कराए।
- इसी कड़ी में बांग्लादेश में भारत के डिप्लोमैट दिनेश त्रिवेदी ने बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान से मुलाकात की।
- रहमान से मुलाकात के अगले ही दिन दिनेश त्रिवेदी ने प्रधानमंत्री मोदी से भी मुलाकात की। लेकिन, अब बांग्लादेश मीडिया ही रिपोर्ट कर रहा है कि टीम इंडिया का बांग्लादेश दौरा मुश्किल है। भारत की तवज्जो अफगानिस्तान पर ज्यादा है।
बांग्लादेश इतना बेसब्र क्यों
भारत और बांग्लादेश की यह सीरीज सिर्फ क्रिकेट के लिए ही नहीं, बल्कि BCB की कमाई के लिए भी बहुत जरूरी है। टीम इंडिया के बांग्लादेश आने से टिकट बेचकर, टीवी पर मैच दिखाने और विज्ञापनों से बोर्ड को अच्छी कमाई होने की उम्मीद थी।
यही वजह है कि BCB चाहता था कि किसी भी तरह भारत का दौरा हो जाए। रिपोर्ट्स के मुताबिक, BCB ने अपनी सरकार से भी कहा था कि वह भारत सरकार से बात करके इस सीरीज को कराने की कोशिश करे। सितंबर में अफगानिस्तान से खेलेगा भारत

क्या भारत-बांग्लादेश सीरीज पूरी तरह रद्द हो गई है?
अभी यह कहना सही नहीं होगा कि सीरीज पूरी तरह रद्द हो गई है। फिलहाल सितंबर में भारत और बांग्लादेश के बीच सीरीज होना मुश्किल दिख रहा है। अगर दोनों बोर्ड राजी होते हैं, तो बाद में कोई नई तारीख तय करके सीरीज कराई जा सकती है। लेकिन अभी ऐसा लग रहा है कि BCCI का ज्यादा ध्यान अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली सीरीज पर है।

भारत-बांग्लादेश: सियासत से मैदान तक
- भारत और बांग्लादेश के क्रिकेट रिश्ते पिछले कुछ समय से तनाव के दौर से गुजर रहे हैं। दोनों देशों के बीच डिप्लोमैटिक टेंशन का असर क्रिकेट पर भी दिखाई दिया है। इसी वजह से भारत का बांग्लादेश दौरा पहले भी रद्द हुआ था। इसके बाद BCCI और BCB के रिश्तों को लेकर भी कई तरह की खबरें सामने आती रही हैं।
- इसी दौरान बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को IPL 2026 में खेलने से रोक दिया गया था। उन्हें कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने अपनी टीम में चुना था, लेकिन बाद में वह IPL में नहीं खेल सके।
- इसके बाद बांग्लादेश ने 2026 T20 वर्ल्ड कप के लिए भारत आने से इनकार कर दिया। इस फैसले के बाद उसे टूर्नामेंट से बाहर कर दिया गया। इन घटनाओं ने दोनों देशों के क्रिकेट संबंधों में और तनाव पैदा कर दिया।

BCB की हर जोर आजमाइश नाकाम
- बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड भारत के साथ इस सीरीज को कराने के लिए लगातार कोशिश कर रहा था। बोर्ड का मानना था कि क्रिकेट दोनों देशों के बीच रिश्तों को बेहतर बना सकता है।
- इसी के तहत BCB अध्यक्ष और पूर्व बांग्लादेशी बल्लेबाज तमीम इकबाल भी बांग्लादेश सरकार के अधिकारियों और बोर्ड केसाथ बेंगलुरु पहुंचे थे। वहां भारत के खिलाफ लंबे समय से लंबित सीरीज को लेकर बातचीत हुई थी।
- बांग्लादेश की सरकार भी इस मामले में भारत के साथ बातचीत की कोशिश कर रही थी। इसी कड़ी में भारत और बांग्लादेश के बीच राजनयिक स्तर पर भी संपर्क की खबरें सामने आईं। हालांकि, अब अफगानिस्तान के खिलाफ भारत की T20I सीरीज का कार्यक्रम सामने आने के बाद बांग्लादेश के लिए तस्वीर और मुश्किल हो गई है।
शेख हसीना विवाद
भारत और बांग्लादेश के बीच तनाव को समझने के लिए शेख हसीना से जुड़े घटनाक्रम को भी देखना जरूरी है। 5 अगस्त 2024 को बड़े विरोध प्रदर्शनों के बाद शेख हसीना ने बांग्लादेश के प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा दिया और देश छोड़ दिया था। इसके बाद से वह भारत में रह रही हैं।
बांग्लादेश में शेख हसीना और उनकी सरकार से जुड़े लोगों के खिलाफ कई मामलों की जांच चल रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अब तक 98 केस दर्ज किए जा चुके हैं। इनमें भ्रष्टाचार और मनी लॉन्ड्रिंग जैसे आरोपों की जांच शामिल है। शेख हसीना के खिलाफ ढाका के एक पॉश इलाके में प्लॉट अलॉटमेंट से जुड़ा मामला भी सामने आया था।

बांग्लादेश के इंटरनेशनल क्राइम्स ट्रिब्यूनल ने 17 नवंबर 2025 को शेख हसीना को जुलाई-अगस्त 2024 के छात्र आंदोलन के दौरान हुई हिंसा और हत्याओं के मामले में मानवता के खिलाफ अपराधों का दोषी ठहराया था।
अदालत ने उनकी गैर-मौजूदगी में उन्हें मौत की सजा सुनाई। पूर्व गृह मंत्री असदुज्जमान खान कमाल को भी मौत की सजा दी गई, जबकि पूर्व पुलिस अधिकारी अब्दुल्ला अल-मामून सरकारी गवाह बने और उन्हें 5 साल की जेल की सजा मिली।
बांग्लादेश की सरकार भारत से हसीना को वापस भेजने की मांग कर चुकी
शेख हसीना के भारत में रहने का मुद्दा भी दोनों देशों के रिश्तों में अहम बना हुआ है। बांग्लादेश की सरकार भारत से शेख हसीना को वापस भेजने की मांग कर चुकी है, ताकि वह अपने खिलाफ चल रहे मामलों का सामना कर सकें।
बांग्लादेश के गृह मंत्री सलाहुद्दीन अहमद बांग्लादेश भारत से शेख हसीना को वापस बांग्लादेश सौंपने की मांग कर रहा है। हालांकि, पिछले हफ्ते शेख हसीना ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में खुद साफ कर दिया था कि वो दिसंबर में बांग्लादेश जरूर लौटेंगी, भले ही उनकी जान क्यों न चली जाए।
पहले भी पोस्टपोन हो चुका है टूर
भारत का बांग्लादेश टूर पहले 2025 में होना था। बाद में इसे पोस्टपोन कर सितंबर 2026 के लिए री-शेड्यूल किया गया था। अब फिर से शेड्यूल में टकराव हो गया है।
हालांकि, अभी तक BCCI या BCB ने सीरीज कैंसिल होने को लेकर कोई ऑफिशियल जॉइंट स्टेटमेंट जारी नहीं किया है।ऐसे में अब नजर दोनों बोर्ड के फैसले पर है। सीरीज कैंसिल होती है या फिर नई डेट पर पोस्टपोन की जाती है, इसका ऑफिशियल ऐलान होना बाकी है।

