हॉकी वर्ल्ड कप 2026 आज से: इंडिया Vs पाकिस्तान मैच 19 को; जानिए शेड्यूल-फॉर्मेट और कब-कहां देख सकेंगे मुकाबले
Published: Updated:
4 min read

भारतीय हॉकी टीम (मेन्स-वुमन्स) इस बार वर्ल्ड कप में नई जर्सी में उतरेगी। टीम की जर्सी का कलर ब्लू से ऑरेंज कर दिया गया है। (फोटो- हॉकी इंडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क. FIH हॉकी वर्ल्ड कप 2026 आज (15 अगस्त) से शुरू हो गया है। फैन्स को सबसे ज्यादा इंतजार इंडिया और पाकिस्तान की टीमों के बीच होने वाले महामुकाबले का है। इस बार वर्ल्ड कप में किसी भी भारतीय अंपायर या टेक्निकल ऑफिशियल को भी शामिल नहीं किया गया है। ऐसा 28 साल में पहली बार हो रहा है।
फैन्स के मन में वर्ल्ड कप से पहले कई तरह के सवाल होंगे, जैसे इंडिया Vs पाकिस्तान मैच कब और कहां खेला जाएगा? सभी मैच कहां देख सकेंगे? टूर्नामेंट में कितनी टीमें, ग्रुप होंगे और इसका फॉर्मेट क्या रहेगा? आइए जानते हैं सभी सवालों के जवाब...
कब और कहां होगा टूर्नामेंट
FIH हॉकी वर्ल्ड कप 2026 (मेन्स-वुमन्स) इस बार नीदरलैंड्स और बेल्जियम की संयुक्त मेजबानी में हो रहा है। टूर्नामेंट 15 से 30 अगस्त तक चलेगा। सभी मैच बेल्जियम के वावरे (Wavre) और नीदरलैंड्स के एम्सतेलवीन (Amstelveen) शहर में होंगे।
कितनी टीमें और ग्रुप होंगे
मेन्स और वुमन्स दोनों ही कैटेगरी में 16-16 टीमें रहेंगी। इन्हें 4-4 के ग्रुप में बांटा जाएगा।
मेन्स ग्रुप
- A: अर्जेंटीना, जापान, नीदरलैंड्स और न्यूज़ीलैंड
- B: बेल्जियम, फ्रांस, जर्मनी और मलेशिया
- C: ऑस्ट्रेलिया, स्पेन, आयरलैंड और साउथ अफ्रीका
- D: इंग्लैंड, भारत, पाकिस्तान और वेल्स
वुमन्स ग्रुप
- A: ऑस्ट्रेलिया, चिली, जापान और नीदरलैंड्स
- B: अर्जेंटीना, जर्मनी, स्कॉटलैंड और अमेरिका
- C: बेल्जियम, स्पेन, आयरलैंड और न्यूजीलैंड
- D: चीन, इंग्लैंड, भारत और साउथ अफ्रीका
फॉर्मेट क्या होगा?
- इस बार नया फॉर्मेट लागू किया गया है। क्वार्टरफाइनल स्टेज को हटाकर ग्रुप स्टेज रखे गए हैं। पहले राउंड में 16 टीमों को 4-4 के हिसाब से 4 ग्रुप (A, B, C, D) में बांटा जाएगा।
- अपने-अपने ग्रुप में पोजिशन के हिसाब से सभी टीमों को फिर से 4-4 के हिसाब से 4 ग्रुप (E, F, G, H) में बांटा जाएगा।
- दूसरा ग्रुप राउंड काफी अलग होगा। इसमें E और F ग्रुप की टॉप-2 टीमें सेमीफाइनल में एंट्री करेंगी।
- पॉइंट्स के लिहाज से बाकी टीमों की 5 से 16 तक की रैंकिंग तय की जाएगी।
दूसरे ग्रुप स्टेज में टीमें कैसे तय होंगी?
- ग्रुप E: ग्रुप A और D की टॉप-2 टीमें
- ग्रुप F: ग्रुप B और C की टॉप-2 टीमें
- ग्रुप G: ग्रुप A और D की तीसरे और चौथे नंबर की टीमें
- ग्रुप H: ग्रुप B और C में तीसरे और चौथे नंबर की टीमें
इंडिया Vs पाकिस्तान मैच कब-कहां होगा?
दोनों टीमों के बीच मुकाबला 19 अगस्त को नीदरलैंड्स में एम्सतेलवीन (Amstelveen) के वागेनर स्टेडियम (Wagener Stadium) में खेला जाएगा। यह मैच भारतीय समयानुसार शाम 6.30 बजे से शुरू होगा।
India vs Pakistan head-to-head
हॉकी वर्ल्ड कप में भारतीय टीम और पाकिस्तान के बीच अब तक 5 मैच खेले गए हैं। इसमें इंडिया ने 3 और पाकिस्तान ने 2 जीते हैं। पिछला वर्ल्ड कप मुकाबला 2010 में नई दिल्ली में हुआ था। यह मैच टीम इंडिया ने 4-1 से जीता था।
- नई दिल्ली 2010: इंडिया ने पाकिस्तान को 4-1 से हराया
- लंदन 1986: पाकिस्तान ने 3-2 भारतीय टीम को हराया
- कुआलालंपुर 1975: टीम इंडिया की पाकिस्तान पर 2-1 से जीत
- एम्स्टर्डम 1973: भारतीय टीम ने 1-0 से पाकिस्तान को हराया
- बार्सिलोना 1971: पाकिस्तान ने इंडिया को 2-1 से हराया
कहां लाइव देख सकेंगे मैच
भारतीय फैन्स हॉकी वर्ल्ड कप 2026 के सभी मैच टीवी चैनल स्टार स्पोर्ट्स पर देख सकेंगे। मोबाइल यूजर्स के लिए सभी मैच की लाइव स्ट्रीमिंग जियो होटस्टार पर होगी।

किस टीम ने कितने वर्ल्ड कप जीते?
अब तक पाकिस्तान सबसे सफल टीम रही है, जिसने सबसे ज्यादा 4 बार (1971, 1978, 1982, 1994) खिताब जीता। नीदरलैंड्स, ऑस्ट्रेलिया और जर्मनी की टीमें 3-3 बार चैम्पियन रहीं। इंडिया (1975) और बेल्जियम (2018) ने 1-1 बार खिताब अपने नाम किया। हालांकि ओलिंपिक में भारत ने सबसे ज्यादा 8 बार गोल्ड मेडल जीता है।
हॉकी वर्ल्ड कप के लिए इंडियन मेन्स टीम
गोलकीपर: मोहित एचएस, सूरज करकेरा
डिफेंडर: हरमनप्रीत सिंह (कप्तान), जरमनप्रीत सिंह, अमित रोहिदास, जुगराज सिंह, संजय राणा, सुमित वाल्मीकि और यशदीप सिवाच।
मिडफील्डर: मनप्रीत सिंह, हार्दिक सिंह, विवेक सागर प्रसाद, नीलकांत शर्मा, राजिंदर सिंह और आदित्य अर्जुन लालागे।
फॉरवर्ड: मनदीप सिंह, अभिषेक नैन, सुखजीत सिंह, दिलप्रीत सिंह और शिलानंद लकरा।

