रोनाल्डो जल्द फुटबॉल से रिटायरमेंट लेंगे: कहा- यह आखिरी सीजन हो सकता है, मैंने अपना फ्यूचर प्लान तैयार कर लिया
Published: Updated:
3 min read

रोनाल्डो ने अब तक ओवरऑल 1330 मैच (क्लब, इंटरनेशनल) में 976 गोल किए हैं। वे एक हजार के रिकॉर्ड से सिर्फ 24 गोल दूर हैं। (फाइल फोटो- Reuters)
स्पोर्ट्स डेस्क. पुर्तगाल के स्टार फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो (Cristiano Ronaldo) ने प्रोफेशनल फुटबॉल से रिटायरमेंट का हिंट दिया है। उन्होंने कहा है कि यह साल उनके कॅरियर का आखिरी फुटबॉल सीजन हो सकता है। उन्होंने अपने फ्यूचर का प्लान तैयार कर लिया है।
रोनाल्डो ने जॉर्जीना रोड्रिगेज से 11 अगस्त को शादी की है। यह वेडिंग सेरेमनी प्राइवेट ही थी, जिसमें परिवार और कुछ करीबी दोस्त ही शामिल हुए। शादी में रोनाल्डो और जॉर्जीना के 5 बच्चे भी शामिल हुए थे। शादी को एक हफ्ता भी नहीं हुआ रोनाल्डो ने रिटायरमेंट लेने की बाद कह दी।
अपना आखिरी वर्ल्ड कप खेला
41 साल के रोनाल्डो ने इसी साल अपने कॅरियर का छठवां और आखिरी FIFA वर्ल्ड कप भी खेला। पुर्तगाल टीम को राउंड ऑफ 16 के मैच में स्पेन ने 1-0 से हराकर बाहर किया था। इसी मैच से पहले ही रोनाल्डो ने क्लियर कर दिया था कि यह उनके कॅरियर का आखिरी वर्ल्ड कप रहेगा।
5 बार Ballon d'Or अवॉर्ड जीतने वाले रोनाल्डो ने Vogue से कहा- यह मेरे फुटबॉल का आखिरी साल हो सकता है। मैं अपनी विरासत यहीं छोड़ना चाहता हूं। मैंने अपना फ्यूचर प्लान पहले ही तैयार कर लिया है। मेरे पार करने के लिए इतने काम हैं कि इनमें से एक का भी नाम लेना मुमकिन नहीं है।
जो हासिल किया, उसको एंजॉय करूंगा
उन्होंने कहा- फुटबॉल छोड़ने के बाद जीवन में खालीपन आ सकता है। ऐसे में तब व्यस्त रहने के लिए अलग-अलग तरीके आजमाने होंगे। कोई एक तरीका कारगर नहीं होगा।
रोनाल्डो ने कहा- रिटायरमेंट के बाद घूमना, पैडल गेम देखना और खेलना जारी रहेगा। इसमें मुझे सच में काफी मजा आता है। 25 साल के कॅरियर में मैंने काफी सारे त्याग किए हैं। अब जो हासिल किया है, उसको एंजॉय करूंगा।
ओवरऑल 1330 मैच में 976 गोल
रोनाल्डो ने अब तक ओवरऑल 1330 मैच (क्लब, इंटरनेशनल) में 976 गोल किए हैं। वे एक हजार के रिकॉर्ड से सिर्फ 24 गोल दूर हैं। उन्होंने क्लब लेवल पर रियल मैड्रिड के लिए 450 और मैनचेस्टर यूनाइटेड के लिए 145 गोल किए। रोनाल्डो ने पुर्तगाल के लिए 138 गोल किए हैं।
रोनाल्डो अपने कॅरियर में FIFA वर्ल्ड कप नहीं जीत सके, लेकिन वे 5 बार चैम्पियंस लीग टाइटल और यूरोपियन चैम्पियनशिप जीत चुके हैं।

