बांग्लादेश प्रीमियर लीग में भ्रष्टाचार हावी: BCB ने कहा- इस साल टूर्नामेंट नहीं होगा, दो सीजन में 31.3 करोड़ का नुकसान
Published: Updated:
3 min read

बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के प्रेसिडेंट तमीम इकबाल ने वादा किया है कि जल्द ही BPL को मजबूती के साथ वापस लाया जाएगा।
स्पोर्ट्स डेस्क. बांग्लादेश प्रीमियर लीग (BPL) में भ्रष्टाचार और मैच फिक्सिंग इतने हावी हैं कि टूर्नामेंट को इस साल बंद करना पड़ गया है। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के प्रेसिडेंट तमीम इकबाल ने बताया कि टूर्नामेंट से लगातार नुकसान हो रहा है। इसमें भ्रष्टाचार भी काफी हुआ है। यही वजह है कि इस साल टूर्नामेंट नहीं कराने का फैसला किया है। सारी कमियों को ठीककर जल्द BPL शुरू किया जाएगा।
तमीम ने गुरुवार को मीरपुर में पत्रकारों को यह जानकारी दी। उन्होंने पिछले BPL सीजन में हुई कई समस्याओं का हवाला दिया, जिनमें मैच फिक्सिंग और भ्रष्टाचार के आरोप शामिल हैं।
यह लीग गर्व के साथ होनी चाहिए
तमीम ने कहा- मुझे नहीं लगता कि ऐसा होगा। इस साल BPL नहीं होगी। यदि मैं आज एक खिलाड़ी होता तो मुझे भी यह बात सुनकर निराशा होती। हालांकि सभी प्लेयर यह बात भी अच्छे से जानते हैं कि यह टूर्नामेंट उसी तरह कराया जाना चाहिए, जिससे BCB को गर्व हो। पिछले सालों में जो कुछ हुआ है, क्या हमें उस पर गर्व है? शायद नहीं।
BPL का पहला सीजन 2012 में खेला गया था। हालांकि यह लीग अब तक IPL या BBL की तरह आर्थिक रूप से सफल नहीं हो सकी। स्थानीय न्यूज पेपर Prothom Alo के अनुसार, BCB को पिछले दो BPL सीजन में लगभग 400 मिलियन बांग्लादेशी टका (करीब 31.3 करोड़ भारतीय रुपए) का नुकसान हुआ है।

ये भी पढ़ें: WTC में टीम इंडिया को 5.18% का फायदा: अब भी फाइनल की राह मुश्किल, 8 में से 5 टेस्ट जीतना जरूरी; देखें सिनेरियो
पिछले सीजन में आई दिक्कतें
BCB ने BPL में इसी साल मई में एंटी-करप्शन जांच शुरू की थी। इसके बाद सट्टेबाजी के मामले में आरोपी पाए जाने पर एक खिलाड़ी समेत कई टीम ऑफिशियल्स को सस्पेंड किया था।
पिछले सीजन में BCB ऑफिशियल नजमुल इस्लाम के एक बयान के विरोध में कई प्लेयर्स ने टूर्नामेंट का बायकॉट किया था। तब BPL के कई मैचों का शेड्यूल बदलना पड़ा था।
तमीम जल्दबाजी के मूड में नहीं
तमीम ने वादा किया है कि जल्द ही BPL को मजबूती के साथ वापस लाया जाएगा। उन्होंने कहा- मैं कोई जल्दबाजी नहीं करना चाहता हूं। मैं इसे एकदम ठीक से करना चाहता हूं। यदि इस काम में 6 या 12 महीने लगते हैं तो मैं इतना समय लूंगा, लेकिन जल्दबाजी नहीं करूंगा।

