4 साल बाद भुवी टीम इंडिया में लौटे: अश्विन बोले- वर्ल्ड कप 2027 में बुमराह के साथ जा सकते हैं; न्यूजीलैंड में अच्छा प्रदर्शन करना होगा
Published:
3 min read

भुवनेश्वर कुमार ने टीम इंडिया के लिए आखिरी मैच 22 नवंबर 2022 को खेला था। (फोटो सोर्स - @BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क. भुवनेश्वर कुमार की करीब 4 साल बाद टीम इंडिया में वापसी हुई है। उन्हें न्यूजीलैंड के खिलाफ T20I सीरीज के लिए चुना गया है। अब आर अश्विन ने उनके ODI टीम में लौटने की संभावना जताई है।
अश्विन का मानना है कि अगर भुवनेश्वर न्यूजीलैंड में अच्छा प्रदर्शन करते हैं। फिट रहते हैं, तो उन्हें ODI टीम में भी मौका मिल सकता है।
2022 में आखिरी मैच खेला था
भुवी ने टीम इंडिया के लिए आखिरी मैच 22 नवंबर 2022 को खेला था। यह टी20 मैच था, जो न्यूजीलैंड के खिलाफ नेपियर में खेला गया था। यह मैच टाई रहा था, जिसमें भुवी को कोई विकेट नहीं मिला था। उन्होंने 4 ओवर में 35 रन दिए थे।
ये भी पढ़े : श्रेयस अय्यर पहली बार टॉप-10 में: T20I रैंकिंग में 18 रैंक की छलांग; WI के खिलाफ 102 रन की नाबाद पारी का फायदा मिला

अश्विन ने की भुवनेश्वर की तारीफ
अश्विन ने कहा कि भुवनेश्वर के पास गेंद को स्विंग कराने की काबिलियत है। वह दोनों तरफ गेंद को मूव करा सकते हैं। उनके पास अच्छी पेस भी है। अश्विन ने कहा कि इंजरी ने भुवनेश्वर के करियर को काफी प्रभावित किया। अगर वह फिट रहते और ज्यादा मेहनत करते, तो भारत के लिए तीनों फॉर्मेट में बड़ा योगदान दे सकते थे।
Bumrah- Bhuvi साथ दिख सकते हैं
अश्विन ने कहा कि अगर भुवनेश्वर न्यूजीलैंड में अच्छा प्रदर्शन करते हैं, तो सिलेक्टर्स उन पर नजर रखेंगे। उन्होंने यहां तक कहा कि अगर भुवनेश्वर ने गेंद को स्विंग कराया। साथ ही फिटनेस साबित की, तो जसप्रीत बुमराह और भुवनेश्वर कुमार 2027 वर्ल्ड कप के लिए एक साथ फ्लाइट में जा सकते हैं। अश्विन ने कहा कि वर्ल्ड कप में भुवनेश्वर नई गेंद से पहला ओवर भी कर सकते हैं।

IPL में अच्छी परफॉर्मेंस
भुवनेश्वर ने पिछले 2 IPL सीजन में अच्छी बॉलिंग की है। 2025 में उन्होंने RCB के लिए 17 विकेट लिए थे। 2026 सीजन में उन्होंने 28 विकेट लिए। वह सिर्फ 1 विकेट से पर्पल कैप जीतने से चूक गए।

West Indies के खिलाफ गेंदबाजी पर सवाल
अश्विन ने वेस्टइंडीज के खिलाफ भारतीय गेंदबाजी का भी जिक्र किया। भारत ने सीरीज के पिछले 2 मैच में 405 और 352 रन दिए। उनका मानना है कि टीम को गेंदबाजी में अनुभव की जरूरत है। ऐसे में भुवनेश्वर एक इंश्योरेंस पॉलिसी की तरह काम कर सकते हैं।
न्यूजीलैंड दौरे के लिए भारतीय टी20 स्क्वॉड
श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, शिवम दुबे, नीतीश कुमार रेड्डी, नमन धीर, प्रिंस यादव, मयंक यादव, अर्शदीप सिंह, भुवनेश्वर कुमार, वरुण चक्रवर्ती और कुलदीप यादव।
ये भी पढ़े :मेसी ने अर्जेंटीना के लिए फेयरवेल मैच खेला: नेशनल एंथम के दौरान रो पड़े, बेटों के साथ मैदान पर उतरे; PHOTO

