आयरलैंड-इंग्लैंड में मिली हार का रिव्यू होगा: जिम्बाब्वे सीरीज के बाद BCCI की मीटिंग, श्रीलंका टेस्ट सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान भी होगा
Published:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारतीय टीम इस समय जिम्बाब्वे दौरे पर 3 टी20 की सीरीज खेल रही है। इससे पहले आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे पर टीम को टी20 और वनडे सीरीज में हार मिली थी। अय्यर की कप्तानी में दोनों दौरों पर टी20 सीरीज में क्लीन स्वीप झेलना पड़ा था। अब भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) इस खराब प्रदर्शन को लेकर एक रिव्यू मीटिंग करने वाला है।
यह जानकारी TOI ने BCCI सेक्रेटरी देवजीत सैकिया के हवाले से दी है। इस रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय कोचिंग और सपोर्ट के कुछ सदस्यों का कॉन्ट्रैक्ट भी खत्म हो रहा है। ऐसे में उन सभी के प्रदर्शन का रिव्यू होगा। साथ ही कॉन्ट्रैक्ट बढ़ाने या नहीं बढ़ाने को लेकर भी फैसला किया जाएगा।
मंगलवार को टेस्ट टीम का ऐलान
भारतीय टीम को अगले महीने श्रीलंका दौरे पर दो टेस्ट की सीरीज खेलनी है। इसके लिए भारतीय टीम का ऐलान होना है। रिपोर्ट्स में बताया है कि मंगलवार (28 जुलाई) को भारतीय टेस्ट टीम का ऐलान होगा।
दरअसल, अगस्त के दूसरे हफ्ते में टीम इंडिया श्रीलंका दौरे पर जाएगी। यहां 15 से 19 अगस्त तक पहला टेस्ट खेला जाएगा। इसके बाद 23 से 27 अगस्त तक दूसरा टेस्ट होगा। सैकिया ने कहा- श्रीलंका टेस्ट सीरीज के लिए अगले दो दिन में भारतीय टीम का सिलेक्शन होगा। मंगलवार को टीम का ऐलान किया जाएगा।

अगस्त के पहले हफ्ते में रिव्यू मीटिंग
सैकिया ने कहा- आयरलैंड, इंग्लैंड और जिम्बाब्वे दौरे को लेकर अगस्त के पहले हफ्ते में एक रिव्यू मीटिंग होगी। कुछ कॉन्ट्रैक्ट (टीम इंडिया के सपोर्ट और कोचिंग स्टाफ) भी खत्म हो रहे हैं। इसका भी रिव्यू करेंगे। इस मीटिंग में हम हर एक मुद्दो को लेकर बात करेंगे। इसमें इंग्लैंड दौरे पर क्या-क्या गलतियां हुईं, यह भी शामिल है। यह रिव्यू मीटिंग भारतीय टीम के जिम्बाब्वे से लौटने के बाद होगी।
दरअसल, टीम इंडिया के असिस्टेंट कोच रयान टेन डोशेट (Ryan ten Doeschate) और फील्डिंग कोच टी दिलीप का दो साल का कॉन्ट्रैक्ट जिम्बाब्वे सीरीज के बाद खत्म हो रहा है। रिपोर्ट्स की मानें तो इन दोनों के कॉन्ट्रैक्ट को नहीं बढ़ाया जाएगा। कुछ महीनों में भारतीय टीम का फील्डिंग लेवल भी डाउन हुआ है।
आयरलैंड-इंग्लैंड दौरे का हाल
हाल ही में भारतीय टीम ने आयरलैंड दौरे पर 2 टी20 की सीरीज खेली थी। इस सीरीज में टीम इंडिया 0-2 से हारी थी। इसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ 5 टी20 की सीरीज 0-4 से गंवाई। विराट कोहली और रोहित शर्मा के रहते तीन वनडे की सीरीज भी 1-2 से हारे थे। टी20 में श्रेयस और वनडे में शुभमन गिल कप्तान हैं।

