नेपाल का एशियन गेम्स में बड़ा उलटफेर: मेन्स क्रिकेट में 3 सिल्वर जीतने वाली अफगानिस्तान टीम को हराया, कुशल को 4 विकेट
Published: Updated:
3 min read

नेपाल टीम के कप्तान दीपेंद्र सिंह अरी और अफगान टीम के कप्तान दरवेश रसूल। (फोटो- अफगानिस्तान क्रिकेट)
स्पोर्ट्स डेस्क. एशियन गेम्स 2026 में शुक्रवार (25 सितंबर) को बड़ा उलटफेर देखने को मिला। मेन्स क्रिकेट में नेपाल की टीम ने अफगानिस्तान को 5 विकेट से हरा दिया। एशियन गेम्स में यह क्रिकेट का चौथा सीजन है। खास बात यह है कि पिछले सभी 3 सीजन में अफगान टीम रनरअप रही और सिल्वर मेडल जीता है। नेपाल टीम के हीरो लेग स्पिनर कुशल भुर्तेल रहे, जिन्होंने 4 विकेट लिए।
अफगानिस्तान 102/7
तीन बार सिल्वर मेडल जीतने वाली अफगान टीम की कप्तानी दरवेश रसूल कर रहे हैं। उन्होंने टॉस जीता और पहले बैटिंग का फैसला किया, जो गलत साबित हुआ। अफगानिस्तान की टीम 7 विकेट गंवाकर 102 रन ही बना सकी।
फैजल खान अहमदजई और नजीबुल्लाह जादरान ने 30-30 रन बनाए। इनके अलावा कोई भी बैटर 20 का आंकड़ा नहीं छू सका। नेपाल टीम के लिए कुशल भुर्तेल ने 4 और ललित राजवंशी ने 3 विकेट लिए।
नेपाल टीम 103/5 (17.2 ओवर)
103 रन के टारगेट को नेपाल की टीम ने 16 बॉल बाकी रहते 5 विकेट गंवाकर चेज कर लिया। संदीप जोरा ने 34 और रोहित पौडेल ने नाबाद 33 रन बनाए। कप्तान दीपेंद्र सिंह अरी ने 15 रन बनाए। अफगानिस्तान के लिए अरब गुल, अब्दुल्लाह अहमदजई और फरीदून दाउदजई ने 1-1 विकेट लिया।
पॉइंट्स टेबल का हाल
इस बार एशियन गेम्स में इंडिया, पाकिस्तान, श्रीलंका और बांग्लादेश को डायरेक्ट क्वार्टरफाइनल में एंट्री मिली है। जबकि अफगानिस्तान, नेपाल, जापान, मलेशिया, हॉन्ग कॉन्ग और ओमान को ग्रुप मैच खेलने हैं। इन 6 टीमों को दो ग्रुप में बांटा है।
- ग्रुप-A: अफगानिस्तान, नेपाल और जापान।
- ग्रुप-B: मलेशिया, हॉन्ग कॉन्ग और ओमान।
ये भी पढ़ें: पाकिस्तानियों की दिक्कत: हेड कोच बोले- उन्हें सिर्फ भारत को हराने से मतलब, बाकी चीजों को वो सोचते ही नहीं
अफगान टीम अब भी टॉप पर
ग्रुप-A में अफगानिस्तान ने दो में से एक ही मैच जीता है। उसने जापान को हराया और नेपाल से शिकस्त मिली है। दूसरी ओर नेपाल का यह पहला ही मैच था, जिसमें उसने अफगान टीम को हराया है। दोनों टीम के 2-2 अंक हैं, लेकिन बेहतर नेट रनरेट के चलते अफगान टीम (0.846) टॉप पर है।
नेपाल की टीम (0.842) दूसरे नंबर पर है। अब नेपाल और जापान के बीच इस ग्रुप का आखिरी मैच होना है। दूसरे ग्रुप में मलेशिया एक मैच जीतकर टॉप पर है। उसका नेट रनरेट 2.950 है। हॉन्ग कॉन्ग ने 2 में से एक ही मैच जीता है और वो दूसरे नंबर पर है। ओमान ने एक मैच खेला और उसमें शिकस्त मिली है। इस ग्रुप का आखिरी मैच ओमान और मलेशिया के बीच होगा।

