एशियन गेम्स में 5 गोल्ड और आने की उम्मीद: कबड्डी में दो मेडल पक्के, हॉकी में अब तक नहीं हारे; क्रिकेट में मेन्स का आगाज 28 को
Published: Updated:
3 min read

इंडियन वुमन्स कबड्डी टीम ने अपने सेमीफाइनल में नेपाल को 48-24 के अंतर से हराया। (फोटो- सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क. एशियन गेम्स 2026 (Asian Games 2026) में भारत अभी 2 गोल्ड समेत 19 मेडल जीतकर 12वें नंबर पर काबिज है। हालांकि देश को अब भी 5 और गोल्ड मिलने की उम्मीद है। यह पांचों गोल्ड हॉकी, कबड्डी और क्रिकेट से आ सकते हैं।
इसमें भी कबड्डी से दो मेडल तो पक्के ही हो गए हैं, बस उन्हें गोल्ड में तब्दील करने की जरूरत है। जबकि हॉकी में मेन्स और वुमन्स दोनों टीम का शानदार सफर जारी है। दोनों टीमें अब तक एक भी मैच नहीं हारी हैं।

मेन्स क्रिकेट टीम से गोल्ड की उम्मीद
क्रिकेट की बात करें तो वुमन्स ने पहले ही गोल्ड जीतकर भारत का खाता खोल दिया था। अब मेन्स टीम से उम्मीद है। भारतीय मेन्स क्रिकेट टीम एशियन गेम्स में अपना पहला मैच 28 सितंबर को क्वार्टरफाइनल खेलेगी। टूर्नामेंट के लिए भारतीय टीम जापान पहुंच गई है।
गोल्ड के लिए भारतीय मेन्स क्रिकेट टीम को सिर्फ तीन मैच जीतने हैं। यह क्वार्टरफाइनल, सेमीफाइनल और फिर आखिर में फाइनल है। ऐसे में फैन्स को टीम इंडिया से गोल्ड की उम्मीद ज्यादा है। सेमीफाइनल में हारने वाली दोनों टीम के बीच ब्रॉन्ज मेडल मैच होगा।

कबड्डी में मेन्स-वुमन्स टीम फाइनल में
कबड्डी इवेंट में भारत की मेन्स और वुमन्स दोनों ही टीम ने फाइनल में एंट्री करते हुए मेडल पक्का कर लिया है। यहां जीतने पर गोल्ड और हारने पर सिल्वर मिलेगा। मेन्स टीम ने सेमीफाइनल में थाईलैंड को 66-27 से हराकर फाइनल में जगह बनाई।
जबकि वुमन्स टीम ने अपने सेमीफाइनल में नेपाल को 48-24 के अंतर से हराया। वुमन्स टीम ने पिछले 3 एशियन गेम्स में गोल्ड जीता है। इस बार चौथे गोल्ड की उम्मीद है। दूसरी ओर मेन्स टीम है, जिसने पिछले सीजन में गोल्ड जीता था।

अब बात राष्ट्रीय खेल हॉकी की
इस एशियन गेम्स में मेन्स और वुमन्स दोनों इंडियन हॉकी टीम शानदार खेल रही हैं। वुमन्स ने अपने ग्रुप में शुरुआती चारों मैच जीतकर लगभग सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली है। अब उसे आखिरी मैच खेलना है। इसके बाद गोल्ड के लिए सेमी और फाइनल दोनों जीतने होंगे, जो टीम की फॉर्म को देखते हुए आसान ही दिख रहे हैं। वुमन्स टीम ने अब तक 4 मैच में 59 गोल किए, जबकि सिर्फ 3 खाए हैं।
ये भी पढ़ें: पाकिस्तानियों की दिक्कत: हेड कोच बोले- उन्हें सिर्फ भारत को हराने से मतलब, बाकी चीजों को वो सोचते ही नहीं
मेन्स टीम की बात करें तो उसने अब तक तीन मैच खेले और तीनों जीते हैं। उसे अपने बाकी दो मैच जापान और बांग्लादेश से खेलने हैं। मेन्स टीम ने अब तक 3 मैच में 37 गोल किए और सिर्फ 4 खाए हैं। मेन्स टीम सेमीफाइनल और फाइनल में मलेशिया और पाकिस्तान से ही टक्कर मिल सकती है। इसमें भी मलेशिया ज्यादा डेंजर है। गोल्ड के लिए इन्हें हराना होगा।

