बांग्लादेश बगैर खेले एशियन गेम्स के सेमीफाइनल में: बारिश के चलते मैच रद्द होने पर चीन की महिला टीम बाहर; इंडियन वुमन्स टीम का मैच कल
Published:
2 min read

बांग्लादेश वुमन्स क्रिकेट टीम एशियन गेम्स 2026 के सेमीफाइनल में पहुंची। क्वार्टरफाइनल मैच बारिश के चलते रद्द हो गया। (@ACC)
स्पोर्ट्स डेस्क. एशियन गेम्स 2026 में क्रिकेट इवेंट शुरू हो गया है। सबसे पहले वुमन्स कैटेगरी के मैच खेले जा रहे हैं। गुरुवार (17 सितंबर) को बांग्लादेश की वुमन्स टीम का क्वार्टरफाइनल मैच चीन से होना था, लेकिन बारिश के चलते मैच नहीं हो सका। मैच में टॉस भी नहीं हो सका और इस तरह बांग्लादेश की टीम बगैर मैच खेले ही सेमीफाइनल में पहुंच गई।
यह एशियन गेम्स का पहला ही क्रिकेट मैच था। इंडियन वुमन्स टीम अपना पहला मैच शुक्रवार (18 सितंबर) को जापान के खिलाफ खेलेगी। एशियन गेम्स में वुमन्स मैच की शुरुआत सीधे क्वार्टरफाइनल से ही हुई है। इसके बाद सेमीफाइनल और फाइनल होगा।
बारिश के चलते ओपनिंग मैच रद्द
बांग्लादेश की वुमन्स टीम का क्वार्टरफाइनल मैच चीन के खिलाफ कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में होना था। मुकाबला भारतीय समयानुसार सुबह 5:30 बजे से खेला जाना था, लेकिन बारिश के चलते देरी हुई। बारिश बंद हुई तो मैदान सूख नहीं सखा। काफी समय इंतजार के बाद गीली आउटफील्ड के चलते मैच रद्द करना पड़ा।
ऐसे में प्लेइंग कंडीशंस 16.10.2 (b) के तहत इस क्वार्टरफाइनल में बांग्लादेश को विनर घोषित किया गया। इस नियम के तहत मैच रद्द होने पर रैंकिंग में ऊपर रहने वाली टीम को विनर घोषित किया जाता है। चीन की टीम बाहर हो गई। फिलहाल, ICC की टी20 टीम रैंकिंग में बांग्लादेश 10वें और चीन 36वें नंबर पर है।
टीम इंडिया का पहला मैच
इंडियन वुमन्स टीम अपना पहला मैच शुक्रवार को जापान के खिलाफ खेलेगी। यह क्वार्टरफाइनल मुकाबला कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में ही खेला जाएगा। मैच भारतीय समयानुसार सुबह 10.30 बजे से शुरू होगा। टॉस आधा घंटे पहले होगा। यह मैच जीतने वाली टीम सेमीफाइनल में पहुंचेगी। भारतीय टीम ने एशियन गेम्स 2022 में गोल्ड जीता था।

