अजिंक्य यानी अजेय और अपराजेय: रहाणे इंटरनेशनल क्रिकेट से रिटायर, वीडियो मैसेज में कहा- हर शुरुआत का अंत भी तय
Published: Updated:
2 min read

अजिंक्य रहाणे ने तीनों फॉर्मेट (टेस्ट, वनडे, टी20) में टीम इंडिया की कप्तानी की है। उनकी कप्तानी में 6 टेस्ट खेले, जिसमें चार जीते और दो ड्रॉ रहे। (@ANI)
स्पोर्ट्स डेस्क. 'जीवन में जो भी चीज शुरू होती है, एक दिन उसका अंत भी होता है। अगर ऐसा वक्त आए तो उसकी इज्जत कीजिए और आगे बढ़ जाइए...' यह इमोशनल मैसेज एक वीडियो के जरिए शेयर करते हुए भारतीय टीम के पूर्व कप्तान अजिंक्य रहाणे ने इंटरनेशनल क्रिकेट से रिटायरमेंट ले लिया है।
38 साल के रहाणे तीन साल से टीम इंडिया से बाहर रहे। हालांकि वे घरेलू क्रिकेट और इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) खेल रहे थे। रहाणे का इंटरनेशनल कॅरियर 15 साल का रहा है। रहाणे ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो मैसेज शेयर किया है, जिसमें वे भावुक नजर आए। उन्होंने क्या कहा, यह ग्राफिक्स में जानिए...




अगस्त 2011 में डेब्यू
रहाणे ने 31 अगस्त 2011 को इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था। पहला मैच इंग्लैंड के खिलाफ मैनचेस्टर में टी20 खेला था। इसके बाद से रहाणे ने 15 साल के कॅरियर में 195 इंटरनेशनल मैच खेले, जिसमें 8414 रन बनाए। इसमें 15 सेंचुरी और 51 फिफ्टी शामिल हैं।
इस राइट हैंड बैटर ने अपना आखिरी इंटरनेशनल मैच जुलाई 2023 में वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट खेला था। पोर्ट ऑफ स्पेन में खेले गए इस टेस्ट में रहाणे ने 8 रन बनाए थे। दूसरी पारी में बैटिंग नहीं आई थी। इसके बाद से रहाणे को टीम इंडिया में जगह नहीं मिली।

रहाणे की कप्तानी में कोई टेस्ट-वनडे नहीं हारे
रहाणे ने तीनों फॉर्मेट (टेस्ट, वनडे, टी20) में टीम इंडिया की कप्तानी की है। उनकी कप्तानी में 6 टेस्ट खेले, जिसमें चार जीते और दो ड्रॉ रहे। रहाणे की कप्तानी में एक भी टेस्ट नहीं हारे हैं।
ये भी पढ़ें: भारतीय टीम को दो हफ्ते का आराम: अगस्त में 2 टेस्ट; सितंबर में 3 सीरीज और दो टीमें, देखें शेड्यूल
उनकी कप्तानी में भारतीय टीम ने तीन वनडे खेले और सभी जीते हैं। इसके अलावा दो टी20 इंटरनेशनल खेले, जिसमें से एक जीता और एक हारा है।
IPL में 2 सेंचुरी भी लगाईं
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में रहाणे 6 टीमों के लिए टोटल 212 मैच खेले, जिसमें 5367 रन बनाए। इसमें रहाणे ने 2 सेंचुरी और 35 फिफ्टी लगाईं। इस दौरान 141 सिक्स और 539 चौके लगाए।

