अफगानिस्तान ने भारत के मैप में दिखाया PoK और गिलगिट: पाकिस्तान UN से शिकायत करेगा, T20I सीरीज से पहले कंट्रोवर्सी
Published: Updated:
3 min read

अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) ने सीरीज के प्रमोशन के लिए एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें यह मैप भी दिखाया गया है।
स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय टीम और अफगानिस्तान के बीच तीन टी20 की सीरीज दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में होने वाली है। इससे पहले एक कंट्रोवर्सी सामने आई है। अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) ने सीरीज के प्रमोशन के लिए एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें इंडिया और अफगानिस्तान का मैप भी दिखाया गया है। बस इसी मैप के चलते यह नया विवाद सामने आया है।
लोगों ने नोटिस किया कि अफगानिस्तान ने जो भारत का मैप दिखाया है, उसमें पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) और गिलगिट-बाल्टिस्तान को भी रखा है। यानी यह दोनों जगह को भारतीय मैप में दिखाया है।
UN में शिकायत करेगा पाकिस्तान
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने अपने विदेश मंत्रालय से इस बारे में बात की और आधिकारिक तौर पर कार्रवाई करने की मांग की है। अब पाकिस्तान सरकार इस मामले को लेकर संयुक्त राष्ट्र (UN) में शिकायत करेगा।
दूसरी ओर इंडियन इंटेलिजेंस के सोर्स ने कहा कि अफगानिस्तान ने इस तरह के मैप को सोच-समझकर इस्तेमाल किया और एक संकेत दिया है। इससे लग रहा है कि यह देश अब भारत से अपने रिश्ते मजबूत करना चाहता है और पाकिस्तान की क्षेत्रीय संवेदनशीलताओं को नजरअंदाज कर रहा है। वैसे भी अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच कुछ समय से बॉर्डर पर तनाव चल रहा है। दोनों के बीच जंग भी हुई है।
मैप को लेकर UN में साथ वोट दिया था
यह मामला ऐसे समय में सामने आया है, जब हाल ही में इंडिया और पाकिस्तान ने UN के प्रस्ताव पर एकसाथ वोट किया था। यह प्रस्ताव किसी भी देश के मैप को और भी सटिक तरीके से दिखाने के फेवर में था।
यहां भारत ने साफ कहा कि ऐसा कोई भी भारतीय मैप मान्य नहीं होगा, जिसमें जम्मू-कश्मीर और लद्दाख को नहीं दिखाया जाएगा। वहीं, पाकिस्तान ने इस दावे को खारिज करते हुए भारत के आधिकारिक नक्शों को लेकर अपनी आपत्ति जताई।
अफगानिस्तान की मेजबानी में होगी सीरीज
भारतीय टीम अफगानिस्तान की मेजबानी में 3 टी20 की सीरीज खेलेगी। तीनों मुकाबले दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में होने हैं। सीरीज के तीनों मैच 13, 15 और 17 सितंबर को होंगे। सभी मैच भारतीय समयानुसार शाम 7.30 बजे से खेले जाएंगे।
इस वजह से भारत में घरेलू सीरीज खेलती है अफगान टीम
दरअसल, अफगानिस्तान में कोई भी इंटरनेशनल स्टेडियम नहीं है। साथ ही सुरक्षा मामलों के चलते कोई टीम अफगानिस्तान भी नहीं जाना चाहती है। यही वजह है कि अफगानिस्तान टीम अपने घरेलू सीरीज भारत में खेलती है।
भारत में अफगानिस्तान के घरेलू मैदान देहरादून, कानपुर और ग्रेटर नोएडा रहे हैं। यह टीम कुछ घरेलू मैच दुबई और शारजाह में भी खेलती है। अब टीम इंडिया के खिलाफ घरेलू सीरीज दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में होगी।

