आतंकी लतीफ भट्ट पर 15 लाख का इनाम: पुलिस ने घाटी में पोस्टर लगाए; टारगेट किलिंग में शामिल
Published:
3 min read

लतीफ भट्ट पिछले साल ही आतंकी संगठन लश्कर ए तैयबा में शामिल हुआ था।
नेशनल डेस्क. जम्मू कश्मीर पुलिस ने लश्कर आतंकी मोहम्मद लतीफ भट्ट की सूचना देने वाले को 15 लाख रुपए का इनाम देने का ऐलान किया है। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि घाटी में पिछले 1 महीने में हुए दो आतंकी हमलों के पीछे लतीफ का ही हाथ है। पुलिस ने पूरे कश्मीर की सभी प्रमुख जगहों पर लतीफ के पोस्टर लगाए हैं, इनमें आम जनता से 22 साल के आतंकी के बारे में सूचना देने की अपील की गई है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, 22 जुलाई को अनंतनाग में पुलिसकर्मी की हत्या और 31 जुलाई को कुलगाम में छत्तीसगढ़ के 2 मजदूरों के टारगेट किलिंग की जांच में लतीफ भट्ट का ही नाम सामने आया है। लतीफ पिछले साल ही लश्कर में शामिल हुआ था। वह पिछले महीने शोपियां में एनकाउंटर के दौरान बच निकला था।
ये भी पढ़ें: J-K के कुलगाम में टारगेट किलिंग: आतंकियों ने ईंट भट्ठे पर काम करने वाले दो मजदूरों को नाम पूछकर गोली मारी; TRF ने जिम्मेदारी ली
J-K में आतंकियों ने पुलिस की टुकड़ी पर फायरिंग की: एक जवान शहीद; अमरनाथ यात्रा सिक्योरिटी में तैनात थी पार्टी
5 दिन चला था ऑपरेशन
दरअसल, सुरक्षाबलों ने खुफिया जानकारी के आधार पर शोपियां में लतीफ भट्ट और जाकिर अहमद को घेर लिया था। 5 दिन चले एनकाउंटर में जाकिर मारा गया था, जबकि लतीफ किसी तरह भागने में कामयाब रहा था।

पोस्टर में क्या लिखा
पोस्टरों में जनता से अपील की गई है कि लतीफ के बारे में कोई भी जानकारी रखने वाले लोगों से अपील है कि वे तुरंत सुरक्षाबलों से संपर्क करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस ने पोस्टर पर संपर्क के लिए फोन नंबर और आईडी भी जारी की है।
सर्च ऑपरेशन जारी
जम्मू कश्मीर में इन हमलों के बाद आतंकियों की तलाश में सर्च ऑपरेशन चलाए जा रहे हैं। सुरक्षाबलों ने कई जगह रेड भी डाली। करीब 3500 संदिग्ध ओवरग्राउंड वर्कर्स को गिरफ्तार भी किया गया है।

एक महीने में दो आतंकी घटनाएं
31 जुलाई: जम्मू कश्मीर के कुलगाम में आतंकियों ने दो मजदूरों की गोली मारकर हत्या कर दी थी। दोनों मजदूर छत्तीसगढ़ के रहने वाले थे और ईंट भट्ठे पर काम करते थे। आतंकी ईंट भट्ठे पर पहुंचे और उन्होंने वहां काम कर रहे सभी मजदूरों के नाम पूछे। इसके बाद दो मजदूरों को अलग करके गोली मार दी और फरार हो गए। मृतकों की पहचान दीपक और भूपिंदर के रूप में हुई है, दोनों छत्तीसगढ़ के रहने वाले थे।
22 जुलाई: जम्मू कश्मीर के अनंतनाग में आतंकियों ने अमरनाथ यात्रा सिक्योरिटी में तैनात पुलिसकर्मी की हत्या कर दी थी। ये हमला दोपहर 12.30 बजे अनंतनाग के लाल चौक पर हुआ था। आतंकियों ने पॉइंट ब्लैंक से पुलिसकर्मी पर फायरिंग की थी।

