असम के OIL प्लांट में आग : 2 की मौत, 4 लोग वेंटिलेटर पर; बाथ हीटर के मेंटनेंस के दौरान फैली आग
Published:
2 min read

आग से डिब्रूगढ़ स्थित प्लांट में कई मीटर दूर तक धुएं का गुब्बार देखा गया।
नेशनल डेस्क. असम के डिब्रूगढ़ में ऑइल इंडिया लिमिटेड (OIL) के प्लांट में आग से 2 लोगों की मौत हो गई। 5 लोग आग से बुरी तरह झुलस गए हैं।
मृतकों की पहचान तपस ज्योति गोगोई और राजू दत्ता के रुप में हुई है। ज्योति हादसे के समय गंभीर रुप से झुलसी थी। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। 5 अन्य लोग गंभीर रुप से झुलसे हैं। उनका इलाज किया जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, 4 लोगों को वेंटीलेटर पर रखा गया है।
कंपनी ने इंटरनल कमेटी बनाई
ऑइल इंडिया लिमिटेड ने इस मामले की जांच के लिए इंटरनल इन्क्वायरी कमेटी बनाई है। कंपनी ने बताया, जांच कमेटी को इस घटना के कारणों की जांच करने नुकसान का आंकलन करने काम सौंपा गया है।
PSU के मुताबिक, यह घटना शुक्रवार, 6 नवंबर को सुबह 9.05 बजे हुई, जहां तेंगाखत स्थित इंटरमीडिएट टैंक फार्म (ITF) के इनडायरेक्ट बाथ हीटर (IDBH) में आग लगी थी। बाथ हीटर को मेंटेनेंस के लिए रखा गया था। इंटरमीडिएट टैंक फार्म में मेंटेनेंस के काम के दौरान एक विस्फोट हुआ, जिसके बाद वहां आग लग गई।
क्या होते हैं इंटरमीडिएट टैंक फार्म
इंटरमीडिएट टैंक फार्म एक ऐसी जगह है, जहां पेट्रोलियम प्रोडक्ट को आगे की प्रोसेसिंग या ट्रांसपोर्टेशन के लिए भेजे जाने से पहले कुछ समय के लिए इन टैंकों में रखा जाता है। OIL ने कहा- फायरकर्मियों ने आग को बुझा लिया, स्थिति अंडर कंट्रोल है।

