टेक महिंद्रा के पूर्व बिजनेस हेड का मर्डर: पार्किंग को लेकर झगड़ा हुआ, पड़ोसी ने 15 गोलियां चला दी; भतीजे की शादी के लिए भारत आए थे
Published:
3 min read

फरीदाबाद के सेक्टर-21C में पार्किंग को लेकर हुए झगड़े में एक शख्स की मौत हो गई।
नेशनल डेस्क। हरियाणा के फरीदाबाद में पार्किंग और कुत्ते के गंदगी करने को लेकर शुरू हुआ झगड़ा मर्डर तक पहुंच गया। एक शख्स ने अपने पड़ोसी पर अंधाधुन गोलियां चला दीं। इसमें परमजीत धनखड़ नाम के शख्स मारे गए।
परमजीत टेक महिंद्रा के एशिया-पैसिफिक क्षेत्र में रीजनल बिजनेस हेड रह चुके थे। फिलहाल वियतनाम की कंपनी FPT Software में सीनियर वाइस प्रेसिडेंट के पद पर काम कर रहे थे और सिंगापुर में रहते थे।
पुलिस के मुताबिक, वह 5 नवंबर को ही भारत लौटे थे। उन्हें 24 नवंबर को होने वाली अपने भतीजे की शादी में शामिल होना था।
एक ही बिल्डिंग में रहते थे दोनों परिवार, कई दिनों से चल रहा था झगड़ा
पुलिस के मुताबिक, परमजीत धनखड़ और आरोपी मोहन शर्मा के परिवार फरीदाबाद के सेक्टर-21C में एक ही चार मंजिला बिल्डिंग में रहते हैं। परमजीत ग्राउंड फ्लोर पर रहते थे, जबकि आरोपी का परिवार दूसरी मंजिल पर रहता था।
दोनों परिवारों के बीच पिछले कई दिनों से पार्किंग को लेकर विवाद चल रहा था। इसके अलावा आरोपी के यहां एक कु्त्ता था, जिसके पार्किंग एरिया में गंदगी करने को लेकर भी परमजीत का परिवार लगातार आपत्ति जता रहा था।
इस बात को लेकर दोनों परिवारों के बीच कई बार बहस हो चुकी थी। करीब 4-5 दिन पहले भी दोनों पक्षों में कहासुनी हुई थी। हालांकि, किसी को अंदाजा नहीं था कि यह विवाद इतनी बड़ी वारदात में बदल जाएगा।
घर से बाहर बुलाकर चलाईं गोलियां
परमजीत और मोहन शर्मा के बीच शुक्रवार (6 नवंबर) रात गाड़ी की पार्किंग को लेकर बहस हुई। आरोप है कि इसके बाद मोहन ने परमजीत को घर से बाहर बुलाया और अपनी लाइसेंसी पिस्टल से उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने करीब 15 राउंड फायरिंग की, जिनमें से 9 गोलियां परमजीत को लगीं। गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी वहां से फरार हो गया।
आरोपी को खोज रही पुलिस
परमजीत के बेटे शौर्य धनखड़ की शिकायत पर पुलिस ने शनिवार को सूरजकुंड थाने में आरोपी मोहन शर्मा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) यानी हत्या और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया है।
मर्डर की जानकारी मिलते ही जिला पुलिस, क्राइम ब्रांच और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान कई खाली कारतूस बरामद किए गए। परमजीत की डेड बॉडी को पोस्टमॉर्टम के लिए बादशाह खान सिविल अस्पताल भेजा गया।
फरीदाबाद पुलिस ने बताया कि मर्डर के बाद आरोपी मौके से भाग गया। उसे पकड़ने के लिए पुलिस की कई टीमें बनाई गई हैं और जल्द गिरफ्तारी की कोशिश की जा रही है।
यह भी पढ़ें...

