UP में PCS अफसर अनुपमा सरोज ने VRS लिया: SP प्रवक्ता अनुराग भदौरिया की पत्नी हैं; अब सियासत में आने के कयास
Published:
3 min read

अनुपमा सिंह ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए प्रशासनिक सेवा छोड़ने और सार्वजनिक जीवन में नई पारी शुरू करने के फैसले के पीछे की वजह बताई। (फाइल फोटो)
नेशनल डेस्क. लखनऊ में डिप्टी कमिश्नर (GST) के पद पर तैनात रहीं PCS अधिकारी अनुपमा सरोज सिंह ने स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (VRS) ले ली है। अनुपमा पूर्व सांसद सुशीला सरोज की बेटी और समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता अनुराग भदौरिया की पत्नी हैं। वह म्यूजिक इंडस्ट्री में एक्टिव रही हैं। उनका एक म्यूजिक एलबम रिलीज हो चुका है। इसका नाम ‘अनुपमा राग’ था।
अनुपमा ने सोशल मीडिया पोस्ट पर प्रशासनिक सेवा छोड़ने और सार्वजनिक जीवन में नई पारी शुरू करने के फैसले के पीछे की वजह बताई।
फैसले के बारे में क्या कहा
4 नवबंर को सोशल मीडिया पोस्ट पर अनुपमा ने कहा- मैं आप सभी से अपने दिल की बात कहना चाहती हूं। मैं डिप्टी कमिश्नर (GST) के पद पर तैनात रही हूं। अब मैंने स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेकर सार्वजनिक जीवन में प्रवेश का निर्णय लिया है। ये कठिन निर्णय है। मैंने ये निर्णय क्यों लिया, आज ये बताना चाहूंगी। क्योंकि मैं देख रही हूं की सोशल मीडिया पर काफी चर्चा है।

'प्रशासनिक सेवा की अपनी एक लिमिट'
अनुपमा ने आगे कहा- प्रशासनिक सेवा में रहते हुए मुझे समाज को करीब से देखने, समस्याओं को समझने और उनका समाधान करने का अवसर मिला। लेकिन इस सफर में मैंने ये भी महसूस किया कि व्यवस्था के भीतर रहकर काम करने की अपनी एक लिमिट है।
मेरी कोशिश आपकी आवाज बन सकूं...
पूर्व डिप्टी कमिश्नर ने कहा- समय सिर्फ बदलाव करने की अपेक्षा करने का नहीं, बल्कि उस बदलाव में स्वयं भागीदार बनने का है। एक महिला होने के नाते, मैं मानती हूं कि राजनीति और नीति निर्माण में महिलाओं की भागीदारी सिर्फ जरूरी ही नहीं, बल्कि एक बेहतर और संवेदनशील समाज के निर्माण की बुनियाद है। शायद संगीत ने ही मुझे संवेदनशीलता दी है कि मैं लोगों की बातों को सिर्फ सुनूं नहीं। बल्कि उनके दर्द, उनकी उम्मीदों और उनके सपनों को महसूस भी कर सकूं। साथियों मेरी कोशिश होगी कि आपकी आवाज को हर मंच से उठाती रहूं।

कौन हैं अनुपमा सिंह
-अनुपमा सिंह पूर्व सांसद सुशीला सरोज की बेटी हैं। उनकी मां समाजवादी पार्टी की सरकार में मंत्री रह चुकी हैं।
-उनकी मां ने प्रदेश महिला आयोग में भी काम किया है।
-अनुपमा के पिता राम प्रकाश सरोज IPS अधिकारी रह चुके हैं।
-अनुपमा राग एक तेजतर्रार अधिकारी के साथ म्यूजिशियन भी हैं। वह गाने लिखती है, खुद ही कंपोज करती है।
-उनका एक म्यूजिक एलबम भी रिलीज हुआ था।
-उन्हें प्रदेश सरकार की तरफ से यश भारती सम्मान भी मिल चुका है।
-अनुराग भदौरिया और अनुपमा की मुलाकात 1999 में हुई थी। 2006 में दोनों ने शादी कर ली। दोनों के दो बच्चें हैं।
यह खबर भी पढ़ें; राजनीति में उतरेंगी पूर्व IAS: दिव्या मित्तल बोलीं- किसी पार्टी में नहीं जाऊंगी; BJP के आरोपों पर भी जबाव दिया
UP में कांग्रेस की नजर 125 सीटों पर: प्रियंका संभालेंगी सपा के साथ बातचीत की कमान; पार्टी नेताओं के साथ की मैराथन मीटिंग

