J-K के कुलगाम में टारगेट किलिंग: आतंकियों ने ईंट भट्ठे पर काम करने वाले दो मजदूरों को नाम पूछकर गोली मारी; TRF ने जिम्मेदारी ली
Published:
3 min read

फाइल फोटो
नेशनल डेस्क. जम्मू कश्मीर के कुलगाम में आतंकियों ने दो मजदूरों की गोली मारकर हत्या कर दी। दोनों मजदूर छत्तीसगढ़ के रहने वाले थे और ईंट भट्ठे पर काम करते थे। ये घटना शुक्रवार शाम की है। एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दूसरे ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
अधिकारियों ने बताया कि आतंकवादियों ने केल्लम स्थित ईंट भट्ठे में काम करने वाले दो गैर-स्थानीय मजदूरों को निशाना बनाया और फिर मौके से फरार हो गए। आतंकियों ने फायरिंग से पहले दोनों के नाम पूछे थे। मृतकों की पहचान दीपक और भूपिंदर के रूप में हुई है, दोनों छत्तीसगढ़ के रहने वाले थे।
TRF ने ली जिम्मेदारी
दीपक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि भूपिंदर को गोली लगने के बाद अनंतनाग के मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां शनिवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। लश्कर ए तैयबा के प्रॉक्सी TRF ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है। इससे पहले TRF ने 22 अप्रैल को अनंतनाग में पुलिस जवान पर फायरिंग की जिम्मेदारी ली थी। जवान अपनी टुकड़ी के साथ अमरनाथ यात्रा सिक्योरिटी में तैनात था।
उधर, मजदूरों पर हमले के बाद सुरक्षाबलों ने इलाके को घेरकर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। इससे 10 दिन पहले आतंकियों ने अनंतनाग में पुलिसकर्मी की गोली मारकर हत्या कर दी थी।
LG ने आतंकी घटना पर दुख जताया
जम्मू और कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने आतंकी हमले की निंदा की और कहा कि उन्होंने घटना के बाद पुलिस महानिदेशक नलिन प्रभात और अन्य वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारियों से बात की है। उन्होंने बताया कि सुरक्षाबलों को जल्द से जल्द ऑपरेशन शुरू करके आतंकियों को खत्म करने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने बताया कि जम्मू कश्मीर पुलिस और सुरक्षाबलों ने इलाके को घेरकर ऑपरेशन शुरू कर दिया है। उन्होंने मारे गए मजदूरों के परिवारों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की हैं।
घाटी में 6 साल में 25 मजदूरों की हत्या
CM उमर अब्दुल्ला ने मारे गए मजदूरों के परिवारों को 10-10 लाख रुपए की आर्थिक मदद का ऐलान किया है। इसके अलावा जिला प्रशासन की ओर से 6-6 लाख रुपए की आर्थिक मदद का ऐलान किया गया है। घाटी में पिछले 6 साल में अलग अलग राज्यों के 25 मजदूरों की हत्या की गई है। इससे पहले अक्टूबर 2024 में आतंकियों ने बिहार के रहने वाले अशोक चौहान की हत्या की थी।

