रील्स में गोल्ड-नोटों की गड्डियां दिखाना पड़ा भारी: यूट्यूबर के घर पर चोरी, 944 ग्राम सोना और कैश ले गए चोर
Published:
2 min read

यूट्यूबर मधुमिता अपनी ज्यादातर रील्स में कैश और सोने की ज्वेलरी दिखाती थीं।
नेशनल डेस्क. तमिलनाडु के कन्याकुमारी में सोशल मीडिया पर सोने के गहने और नोटों की गड्डियां दिखाना एक यूट्यूबर को भारी पड़ गया। यूट्यूबर के घर में रात के समय चोरी हो गई। अज्ञात चोर घर का पिछला दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे और करीब 944 ग्राम सोने के गहने और नकदी लेकर फरार हो गए।
घटना थम्माथुकोनम स्थित वीआईपी गार्डन इलाके की है। यहां यूट्यूबर विनोद कुमार अपनी पत्नी मधुमिता के साथ रहते हैं। पुलिस के मुताबिक, चोरों ने रात में घर के पिछले हिस्से का दरवाजा तोड़ा और अंदर घुसकर कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
चोरी की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस घर और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस की कोशिश है कि चोरों की पहचान के साथ-साथ उनके घर तक पहुंचने और वारदात के बाद वहां से निकलने के रास्ते का भी पता लगाया जा सके।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि चोर किस रास्ते से इलाके में पहुंचे थे और क्या उनकी गतिविधियां आसपास लगे किसी CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हुई हैं।
ये भी पढ़ें: जबलपुर में गोल्ड लोन के विज्ञापन वाले ऑटो ने खोला चोरी का राज: दो दिन रेकी के बाद सूने मकान से उड़ाए 45 लाख के गहने, महिला समेत तीन गिरफ्तार
सोशल मीडिया पोस्ट भी जांच के दायरे में
जांच में यूट्यूबर पति-पत्नी की सोशल मीडिया रील्स को भी देखा जा रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कपल सोशल मीडिया वीडियो में नोटों की गड्डियां और सोने के गहने दिखाते थे। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि कहीं इन पोस्ट के जरिए घर में रखे कीमती सामान के बारे में जानकारी तो सार्वजनिक नहीं हुई।
ये भी पढ़ें: बैंक में गहनों की वैल्यूएशन कराने पहुंची महिला: बाहर निकलते ही 5 लाख के जेवर चोरी; जबलपुर पुलिस CCTV फुटेज से आरोपियों की तलाश में जुटी
फिलहाल पुलिस चोरों की पहचान करने और यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी की पूरी वारदात किस तरह अंजाम दी गई। CCTV फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर पुलिस चोरों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।

