बैंक में गहनों की वैल्यूएशन कराने पहुंची महिला: बाहर निकलते ही 5 लाख के जेवर चोरी; जबलपुर पुलिस CCTV फुटेज से आरोपियों की तलाश में जुटी
Published:
3 min read

बैंक के बाहर से महिला के लाखों के जेवर गायब, जांच में जुटी पुलिस।
जबलपुर। रद्दी चौकी इलाके में बुधवार को गहनों की वैल्यूएशन कराने बैंक पहुंची एक महिला के जेवर अज्ञात लोगों द्वारा ले जाने का मामला सामने आया है। महिला के मुताबिक उसके पास करीब 5 लाख रुपए कीमत के सोने के जेवर थे। इनमें कान के झुमके और लंबा मंगलसूत्र शामिल था। घटना की सूचना के बाद गोहलपुर थाना पुलिस जांच में जुट गई है।
वैल्यूएशन के लिए बैंक पहुंची थी महिला
दीक्षितपुरा निवासी सपना श्रीवास्तव के अनुसार, वह रद्दी चौकी स्थित आईआईएफएल फाइनेंस बैंक में सोने के जेवरों की वैल्यूएशन कराने पहुंची थी। महिला का कहना है कि बैंक कर्मचारी ने उसे बताया था कि अधिकारी आने वाले हैं और वही जेवर देखकर उनकी वैल्यूएशन करेंगे।
इसी दौरान एक व्यक्ति उसके पास आया और जेवर दिखाने के लिए कहा। महिला ने उसे अपने गहने दिखाए। इसके बाद वह व्यक्ति जेवर लेकर बैंक से बाहर जाने लगा। महिला भी उसके पीछे बैंक से बाहर आ गई।
जेवर वापस मांगने पर नहीं लौटाए
महिला के मुताबिक वह व्यक्ति के पीछे काफी दूर तक गई और उससे अपने सोने के जेवर वापस मांगे। आरोप है कि उसने जेवर वापस नहीं किए। सपना श्रीवास्तव का दावा है कि मौके पर करीब चार से पांच अज्ञात लोग मौजूद थे। महिला के अनुसार, उसके कान के झुमके और लंबा मंगलसूत्र आरोपियों के पास रह गया।
करीब 5 लाख रुपए के बताए जेवर
पीड़िता ने बताया कि वह खुद भी फाइनेंस से जुड़े काम करती है। उसके मुताबिक, बैंक में जो सोने के जेवर लेकर पहुंची थी, वे उसके एक क्लाइंट के थे। महिला ने जेवरों की कुल कीमत करीब 5 लाख रुपए बताई है। हालांकि, जेवरों की वास्तविक कीमत और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की जानकारी मिलने के बाद गोहलपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस बैंक और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फुटेज के आधार पर घटना में शामिल लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
बैंक अधिकारियों की ओर से फिलहाल बयान नहीं
मामले को लेकर फिलहाल किसी बैंक अधिकारी ने आधिकारिक तौर पर जानकारी देने से इनकार किया है। पुलिस की जांच के बाद ही घटना की पूरी स्थिति और इसमें शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।

