महाराष्ट्र में अस्पताल में आग लगने से 3 नवजातों की मौत: वेंटिलेटर में ब्लास्ट के बाद लगी आग; हादसे के वक्त 39 बच्चे एडमिट थे
Published:
2 min read

अमरावती जिला महिला अस्पताल के स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट में लगी आग।
नेशनल डेस्क. महाराष्ट्र के अमरावती के सरकारी अस्पताल में सोमवार सुबह आग लग गई। हादसे में 3 नवजातों की मौत हो गई। आग लगने के बाद यहां इलाज के लिए भर्ती बच्चों को तुरंत बाहर निकाला गया।
बताया जा रहा है कि वेंटिलेटर में ब्लास्ट के बाद अस्पताल की तीसरी मंजिल में आग लग गई। हादसे के वक्त अमरावती जिला महिला अस्पताल के स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट में 39 बच्चे भर्ती थे। तीन बच्चों की जलने और दम घुटने की वजह से मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि आग सुबह करीब 3:30 बजे लगी। इसके बाद डॉक्टरों और स्टाफ ने तुरंत रेस्क्यू शुरू कर कई नवजातों को बाहर निकाला, जबकि 6 बच्चों को इलाज के लिए सुपर स्पेशलिटी अस्पताल भेजा गया।
ये भी पढें: कोलकाता के होटल में आग: 9 बांग्लादेशी नागरिकों की मौत; इलाज के लिए भारत आए थे
अमरावती पुलिस कमिश्नर राकेश ओला ने बताया, SNCU में तीन कंपार्टमेंट हैं। इनमें 39 बच्चों को भर्ती किया गया था। आग लगने की सूचना मिलने के तुरंत बाद पुलिस के सीनियर अफसर स्थिति का जायजा लेने और जांच के लिए अस्पताल पहुंचे। समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, स्थानीय अधिकारियों ने घटना के लिए जिम्मेदार प्रशासनिक चूक के लिए जवाबदेही तय के लिए हाईलेवल जांच का आदेश दिया है।
ये भी पढ़ें: रतलाम में ई-स्कूटी में ब्लास्ट मकान में लगी आग: आग में झुलसीं मां-बेटियां; 2 की हालत गंभीर, EV सुरक्षा पर फिर उठे सवाल
उधर, महाराष्ट्र सरकार के राजस्व मंत्री और अमरावती के प्रभारी चंद्रशेखर बावनकुले ने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की और इस संकट में पूरी सरकारी सहायता का आश्वासन दिया।
NCP (शरद पवार गुट) सांसद सुप्रिया सुले ने इस घटना को बेहद दुखद बताया और घटना की जांच की मांग करते हुए आरोप लगाया कि यह हादसा व्यवस्था में गंभीर खामियों की वजह से हुआ। उन्होंने X पर लिखा- इस पूरी घटना की गहन जांच होनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। महाराष्ट्र के सभी सरकारी और निजी अस्पतालों में फायर सिक्योरिटी ऑडिट और मेडिकल उपकरणों के सुरक्षा ऑडिट कराने की भी तुरंत जरूरत है।

