रतलाम में ई-स्कूटी में ब्लास्ट मकान में लगी आग: आग में झुलसीं मां-बेटियां; 2 की हालत गंभीर, EV सुरक्षा पर फिर उठे सवाल
Published:
3 min read

मेडिकल अस्पताल में तीनों का इलाज जारी।
रतलाम। शहर में मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात एक बड़ा हादसा हो गया। कनेरी रोड स्थित विंध्यवासिनी कॉलोनी में घर के अंदर खड़ी इलेक्ट्रिक स्कूटी में जोरदार ब्लास्ट होने के बाद पूरे मकान में आग फैल गई। हादसे में मां और उसकी दो बेटियां झुलस गईं। तीनों को मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना रात करीब 3 बजे की है। राहत की बात यह रही कि समय रहते पड़ोसियों ने साहस दिखाते हुए जलते मकान में फंसी तीनों महिलाओं को बाहर निकाल लिया।
सोते समय हुआ जोरदार धमाका
जानकारी के अनुसार, बिंदुकुंवर अपनी दो बेटियों अंतिमकुंवर और विजयलक्ष्मी के साथ घर में सो रही थीं। इसी दौरान घर के अंदर रखी इलेक्ट्रिक स्कूटी में अचानक तेज धमाका हुआ। धमाके की आवाज के साथ आग तेजी से फैल गई और कुछ ही देर में घर में रखा सामान धूं-धूं कर जलने लगा। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त स्कूटी चार्जिंग पर नहीं लगी थी। ऐसे में बिना चार्जिंग के हुए ब्लास्ट ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
चीख-पुकार सुनकर दौड़े पड़ोसी
मकान से उठती आग और अंदर से आ रही चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। स्थिति को गंभीर देखते हुए पड़ोसी दूसरे घर की छत के रास्ते जलते हुए मकान के अंदर पहुंचे। लोगों ने साहस दिखाते हुए मां और दोनों बेटियों को आग की चपेट से बाहर निकाला और तत्काल उपचार के लिए मेडिकल अस्पताल पहुंचाया। तीनों का इलाज जारी है।
दमकल ने आग पर पाया काबू
घटना की सूचना मिलते ही रहवासियों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। दमकल की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद मकान में लगी आग पर काबू पाया। आग की चपेट में आने से घर में रखा सामान भी जलकर खाक हो गया। हादसे के कारण इलाके में देर रात तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। वहीं दूसरी ओर अस्पताल में भर्ती घायल मां और दोनों बेटियों का इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि तीनों झुलस गई हैं, जिनमें से दो की हालत गंभीर बनी हुई है। डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है।
ईवी सुरक्षा पर फिर उठे सवाल
शहर में इलेक्ट्रिक वाहनों में आग और ब्लास्ट की घटनाओं ने एक बार फिर इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, इससे पहले भी रतलाम के लक्ष्मणपुरा क्षेत्र में जनवरी 2025 में चार्जिंग के दौरान एक इलेक्ट्रिक बाइक में विस्फोट हुआ था। उस हादसे में एक बालिका की मौत हो गई थी। ताजा घटना में स्कूटी के चार्जिंग पर नहीं होने के बावजूद ब्लास्ट की बात सामने आने के बाद हादसे के वास्तविक कारणों की जांच अहम मानी जा रही है। फिलहाल आग और विस्फोट के कारणों को लेकर संबंधित स्तर पर जांच की जा सकती है।
संजू मालवीय, पडोसी
शंकर सिंह, परिजन

