कनॉट प्लेस पर प्रोटेस्ट कर सकेंगे अभिजीत दीपके: CJP का 'तिरंगा मार्च' रोकने से दिल्ली हाईकोर्ट का इनकार, पुलिस करेगी इंतजाम
Published:
3 min read

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के फाउंडर अभिजीत दीपके ने शुक्रवार (16 अक्टूबर) शाम 5 बजे कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में तिरंगा लेकर जुटने की अपील की है।
नेशनल डेस्क। दिल्ली हाईकोर्ट ने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के शुक्रवार (16 अक्टूबर) को कनॉट प्लेस में होने वाले प्रोटेस्ट को रोकने का आदेश देने से इनकार कर दिया है। पालिका बाजार के एक स्ट्रीट वेंडर अनिल कुमार गुप्ता ने इस प्रोटेस्ट के खिलाफ एक याचिका लगाई थी। उनका कहना था कि इस तरह के प्रदर्शन से लोगों की रोजी-रोटी पर असर पड़ता है।
याचिका में क्या था?
अनिल कुमार गुप्ता ने कोर्ट से मांग की थी कि कनॉट प्लेस और सेंट्रल दिल्ली के दूसरे इलाकों में ऐसे प्रदर्शनों पर रोक लगाई जाए, जिनसे ट्रैफिक जाम हो सकता है, दुकानदारों का कारोबार प्रभावित हो सकता है और लोगों की रोजी-रोटी पर असर पड़ सकता है।
याचिकाकर्ता की ओर से सीनियर एडवोकेट सचिन पुरी ने यह मामला एक्टिंग चीफ जस्टिस नितिन सांब्रे की अगुवाई वाली बेंच के सामने रखा। उन्होंने फौरन दखल देने की मांग करते हुए कहा कि प्रदर्शन से आम लोगों की जिंदगी प्रभावित हो सकती है।
इस पर कोर्ट ने दिल्ली पुलिस की तैयारी जानी। दिल्ली पुलिस ने कहा कि प्रदर्शन को रेगुलेट करने के लिए कदम उठाए गए हैं। भीड़ को संभालने और लॉ एंड ऑर्डर बनाए रखने के लिए कानून के तहत हर जरूरी कदम उठाए जाएंगे। कोर्ट ने दिल्ली पुलिस के इस भरोसे को रिकॉर्ड पर भी लिया है।
तिरंगा लेकर प्रदर्शन क्यों करेगी CJP?
CJP फाउंडर अभिजीत दीपके ने शुक्रवार शाम 5 बजे कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में लोगों से तिरंगा लेकर जुटने की अपील की है। यह ऐलान पार्टी के तीन नेताओं सौरव दास, आशुतोष रांका और अजिंक्य शिंदे की गिरफ्तारी के बाद किया गया।
तीनों को मंगलवार (13 अक्टूबर) को गिरफ्तार किया गया था। वह तिरंगा लेकर जंतर-मंतर में दाखिल हुए थे। आरोप है कि बिना परमिशन के उन्होंने ऐसा किया था। इसके बाद तीनों को पांच दिन की ज्यूडिशियल कस्टडी में भेज दिया गया। जंतर-मंतर को हाल ही में प्रदर्शनों के लिए तय जगह की लिस्ट से हटा दिया गया था।
दीपके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में दिल्ली के बाहर रहने वाले लोगों से भी अपने-अपने शहरों में इसी तरह तिरंगा मार्च निकालने की अपील की। उनका कहना है कि इस मुहिम के जरिए यह मैसेज दिया जाएगा कि राष्ट्रीय ध्वज लहराना कोई अपराध नहीं है।
यह भी पढ़ें...

