कोर्ट ने स्वतंत्र भारद्वाज को एक दिन की कस्टडी में भेजा: चिराग पासवान ने भी दर्ज कराई शिकायत, बोले- मेरे नाम का गलत इस्तेमाल किया
Published: Updated:
3 min read

स्वतंत्र भारद्वाज जंतर-मंतर पर स्टूडेंट एक्टिविस्ट निशु आजाद के पिता के साथ मारपीट का आरोपी है।
नेशनल डेस्क. जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन के दौरान स्टूडेंट एक्टिविस्ट के पिता से कथित मारपीट के आरोपी स्वतंत्र भारद्वाज को दिल्ली पुलिस ने शनिवार को कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने भारद्वाज को एक दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। इससे पहले केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने भारद्वाज के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। चिराग पासवान ने आरोप लगाया कि भारद्वाज ने उनका और कई अन्य नेताओं का नाम लेकर ऐसा माहौल बनाने की कोशिश की, जिससे यह संदेश जाए कि उसे राजनीतिक संरक्षण मिला है।
चिराग पासवान ने स्पष्ट किया कि उनका या उनकी पार्टी लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) का स्वतंत्र भारद्वाज से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने दिल्ली पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
फोटो खिंचवाने से कोई करीबी नहीं हो जाता- चिराग
चिराग पासवान ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में नेताओं से मिलने और उनके साथ फोटो खिंचवाने वाले बहुत से लोग होते हैं। लेकिन सिर्फ फोटो के आधार पर खुद को किसी नेता का करीबी या परिचित बताना उनके नाम का गलत इस्तेमाल है।
ये भी पढ़ें: जंतर-मंतर पर निशु के पिता से मारपीट का मामला: स्वतंत्र भारद्वाज UP से हिरासत में लिया गया; CJP-चंद्रशेखर आजाद ने थाने का घेराव किया था
उन्होंने कहा कि भारद्वाज ने यह माहौल बनाने की कोशिश की कि उनके खिलाफ कार्रवाई इसलिए नहीं हुई क्योंकि उन्हें चिराग पासवान और अन्य नेताओं का समर्थन मिला है। पासवान ने कहा कि इसी गलत दावे के खिलाफ उन्होंने शिकायत दर्ज कराई है।
'हम पीड़ित परिवार के साथ'
पासवान ने कहा- जिस व्यक्ति ने खुले तौर पर यह दावा किया है कि उसने किसी व्यक्ति को इतनी बुरी तरह पीटा कि उसकी जान भी जा सकती थी, अगर उसके खिलाफ कार्रवाई नहीं होती तो यह देश और जनता के लिए बेहद गलत संदेश होगा। चिराग पासवान ने कहा, हम पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि परिवार को न्याय दिलाना उनकी और पार्टी की जिम्मेदारी है। उन्होंने दिल्ली पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करने और तथ्यों के आधार पर उचित कार्रवाई करने की अपील की।
क्या है मामला
स्वतंत्र भारद्वाज का सोशल मीडिया पर हाल ही में एक वीडियो वायरल हुआ था। इसमें उसने दावा किया था कि NEET प्रोटेस्ट के दौरान उसने निशु के पिता का सिर फोड़ दिया था, इसके बावजूद उसे जेल नहीं जाना पड़ा था। इसी पॉडकास्ट में उसने चिराग पासवान और कपिल मिश्रा समेत कई नेताओं को बड़ा भाई बताया था।
ये भी पढ़ें: CJP में बगावत: पूर्व वॉलंटियर ब्रह्मभट्ट ने अलग गुट CJP-D बनाया; दीपके पर आरोप- मूवमेंट को टीम केजरीवाल में बदल रहे
UP से हिरासत में लिया गया भारद्वाज
इस वीडियो के बाद राहुल गांधी, चंद्रशेखर आजाद समेत तमाम नेताओं ने भारद्वाज की गिरफ्तारी की मांग की थी। CJP के कार्यकर्ताओं ने भारद्वाज पर एक्शन की मांग को लेकर पुलिस स्टेशन में धरना भी दिया था। इसके बाद पुलिस ने भारद्वाज के खिलाफ FIR दर्ज कर कार्रवाई का आश्वासन दिया था। भारद्वाज को शुक्रवार शाम को यूपी से हिरासत में भी लिया गया था।

