जंतर-मंतर पर निशु के पिता से मारपीट का मामला: स्वतंत्र भारद्वाज UP से हिरासत में लिया गया; CJP-चंद्रशेखर आजाद ने थाने का घेराव किया था
Published:
3 min read

स्वतंत्र भारद्वाज की गिरफ्तारी की मांग को लेकर CJP ने पुलिस थाने में धरना दिया। (फोटो- स्वतंत्र भारद्वाज (लेफ्ट), पुलिस थाने में बैठे CJP नेता (बीच में) निशु के पिता (राइट)।
नेशनल डेस्क. NEET प्रोटेस्ट के दौरान जंतर-मंतर पर स्टूडेंट एक्टिविस्ट निशु आजाद के पिता पर हमला करने के मामले में आरोपी स्वतंत्र भारद्वाज को UP से हिरासत में ले लिया गया। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने स्वतंत्र भारद्वाज पर एक्शन की मांग को लेकर शुक्रवार को दिल्ली के पुलिस स्टेशन में धरना दिया था। पुलिस ने 72 घंटे के अंदर कार्रवाई का आश्वासन दिया था।
दरअसल, स्वतंत्र भारद्वाज का सोशल मीडिया पर हाल ही में एक वीडियो वायरल हुआ था। इसमें उसने दावा किया था कि NEET प्रोटेस्ट के दौरान उसने निशु के पिता का सिर फोड़ दिया था, इसके बावजूद उसे जेल नहीं जाना पड़ा था। इस वीडियो के वायरल होने के बाद CJP स्वतंत्र भारद्वाज पर एक्शन की मांग कर रही थी।
वहीं, इससे पहले दिल्ली पुलिस ने गुरुवार को कहा था कि निशु के पिता को हाथापाई के दौरान सिर में मामूली चोट आई थी और इस बात से इनकार किया कि उनके सिर में कोई फ्रैक्चर हुआ था। पुलिस ने कहा था कि इस झड़प के बाद भारद्वाज और उसके साथी सूरज कुमार को हिरासत में लिया गया था और पूछताछ भी हुई थी। पुलिस ने कहा कि जल्द ही मामले में चार्जशीट दाखिल की जाएगी।
ये भी पढ़ें: CJP में बगावत: पूर्व वॉलंटियर ब्रह्मभट्ट ने अलग गुट CJP-D बनाया; दीपके पर आरोप- मूवमेंट को टीम केजरीवाल में बदल रहे
CJP के सौरव दास, आशुतोष रांका अन्य समर्थकों के साथ और सांसद चंद्रशेखर आजाद और पप्पू यादव भी पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन पहुंचे और भारद्वाज के खिलाफ एक्शन लेने की मांग की। चंद्रशेखर आजाद के साथ पहुंची निशु आजाद ने कहा कि पुलिस ने उन्हें आश्वासन दिया है कि भारद्वाज को 72 घंटे के अंदर गिरफ्तार किया जाएगा।
विवाद के बाद भारद्वाज बोला- सेल्फ डिफेंस में हाथ उठाया
स्वतंत्र भारद्वाज ने कहा- लोग जिसे हमला कह रहे हैं, वह असल में आत्मरक्षा था। अगर मैंने आत्मरक्षा में ऐसा नहीं किया होता, तो भीड़ मुझे पीट-पीटकर मार सकती थी या मेरी हत्या हो सकती थी। मेरे पास वीडियो सबूत हैं। मुझे 10-15 लोगों ने घेर लिया था। जब मैंने आत्मरक्षा में कदम उठाया, तो उनके सिर पर चोट लग गई। दिल्ली पुलिस की मेडिकल रिपोर्ट के अनुसार, उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई थी। अभी भी जांच चल रही है और मैं पूरा सहयोग कर रहा हूं।
ये भी पढ़ें: CJP ने 5 सितंबर का मार्च वापस लिया: सुप्रीम कोर्ट ने FIR रद्द कीं; केंद्र ने कहा- सुसाइड करने वाले NEET स्टूडेंट्स के परिवारों को मुआवजा देंगे
भारद्वाज ने कहा- राहुल गांधी और अन्य लोगों द्वारा सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा पॉडकास्ट क्लिप नकली है। जो लोग कह रहे हैं कि मुझे कपिल मिश्रा के प्रभाव के कारण छोड़ा गया, उनसे मैं कहना चाहता हूं कि कपिल मिश्रा और चिराग पासवान मेरे भाइयों की तरह हैं। लोगों को समझना चाहिए कि क्या बात व्यंग्य में कही गई थी।
निशु के पिता का वीडियो भी हो रहा वायरल
इन सबके बीच निशु के पिता का भी एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें वे कहते नजर आ रहे हैं कि कुछ लोग सोचते हैं कि अनजाने में मेरे सिर पर मारकर कोई तीर मार लिया है। तो मैं उनसे कहना चाहता हूं कि अगर 2 मिनट पुलिस न आती तो फोटो में देख सकते हो कि तुम्हारी (स्वतंत्र भारद्वाज) की क्या दशा कर रखी थी।

