CJP में बगावत: पूर्व वॉलंटियर ब्रह्मभट्ट ने अलग गुट CJP-D बनाया; दीपके पर आरोप- मूवमेंट को टीम केजरीवाल में बदल रहे
Published:
3 min read

CJP के पूर्व वॉलंटियर मनीष ब्रह्मभट्ट ने अभिजीत दीपके पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
नेशनल डेस्क. NEET और युवाओं के मुद्दों को लेकर चर्चा में आई कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) में पहली बगावत सामने आई है। CJP के पूर्व वॉलंटियर मनीष ब्रह्मभट्ट ने गुरुवार को एक अलग प्लेटफॉर्म CJP-D लॉन्च कर दिया। उन्होंने CJP नेतृत्व पर प्रदर्शनकारियों और वॉलंटियर्स को दरकिनार करने और युवा आंदोलन को केजरीवाल टीम में बदलने का आरोप लगाया।
मनीष ब्रह्मभट्ट ने आरोप लगाया कि CJP नेतृत्व में AAP से पहले से जुड़े लोगों का वर्चस्व है और इनका पूरा फोकस बीजेपी का विरोध करना है। CJP-D के लॉन्च की जानकारी देते हुए ब्रह्मभट्ट ने कहा- CJP शुरुआत में फेसलेस मूवमेंट था। चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया द्वारा युवाओं, बेरोजगार व्यक्तियों और आरटीआई कार्यकर्ताओं को कॉकरोच कहने से पैदा हुए गुस्से की वजह से इसे समर्थन मिला।
ये भी पढ़ें: CJP ने 5 सितंबर का मार्च वापस लिया: सुप्रीम कोर्ट ने FIR रद्द कीं; केंद्र ने कहा- सुसाइड करने वाले NEET स्टूडेंट्स के परिवारों को मुआवजा देंगे
'अन्ना हजारे की तरह वांगचुक का इस्तेमाल हुआ'
ब्रह्मभट्ट ने आरोप लगाया कि आंदोलन तेज होने के बाद बाद इसका राजनीतिकरण शुरू हुआ। उन्होंने दीपके पर सोनम वांगचुक और अन्य वॉलंटियर का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। ब्रह्मभट्ट ने कहा- इसी तरह से अरविंद केजरीवाल ने भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन के दौरान अन्ना हजारे का इस्तेमाल किया था।
उन्होंने कहा- CJP का आंदोलन सोनम वांगचुक और कार्यकर्ताओं की वजह से सफल हुआ। लेकिन इसकी सफलता के बाद ही CJP नेतृत्व ने राजनीति शुरू कर दी। उन्होंने आरोप लगाया कि दीपके अब केजरीवाल के इशारे पर चुनी हुई टीम बना रहे हैं। हम इसी का विरोध करने के लिए CJP-D का गठन कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें: CJP Protest: 4 राज्यों की SC में अर्जी, प्रदर्शनकारियों पर दर्ज FIR रद्द करने की मांग; केंद्र के कदम का दिया साथ
केजरीवाल पर फंडिंग का आरोप लगाया
ब्रह्मभट्ट ने CJP की फंडिंग को लेकर भी आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि CJP के होटल और फ्लाइट के खर्च अरविंद केजरीवाल ने स्पॉन्सर किए और ये फंडिंग नेटवर्क के जरिए की गई। उन्होंने दावा किया कि उनका ग्रुप इस लेनदेन की जानकारी जुटा रहा है।
गैर BJP राज्यों में आंदोलन नहीं करेगी CJP
ब्रह्मभट्ट ने दावा किया कि CJP ने समझौता किया है कि वह गैर बीजेपी शासित राज्यों में आंदोलन नहीं करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि अरविंद केजरीवाल छात्रों और प्रदर्शनकारियों का इस्तेमाल अपने राजनीतिक उद्देश्यों के लिए कर रहे हैं।


