एयर इंडिया के पायलट का ड्रग टेस्ट ‘नॉन-नेगेटिव’: अचानक 300 फीट नीचे आया था विमान, जांच में सामने आईं कई गंभीर बातें
Published:
3 min read

फाइल फोटो
नेशनल डेस्क. फुकेत से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट के अचानक करीब 300 फीट नीचे गिरने की घटना की शुरुआती जांच में गंभीर जानकारी सामने आई है। जांच रिपोर्ट के मुताबिक, फ्लाइट के पायलट के ड्रग टेस्ट का रिजल्ट ‘नॉन-नेगेटिव’ आया है। रिपोर्ट में साइको-एक्टिव सबस्टेंस के इस्तेमाल की पुष्टि का भी जिक्र है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) ने DGCA से एक्शन लेने की सिफारिश की है।
AAIB ने कहा है कि इस मामले की विस्तृत जांच अभी जारी है और अंतिम रिपोर्ट बाद में जारी की जाएगी।
क्या हुआ था फ्लाइट में?
दरअसल, 4 अगस्त को एयर इंडिया की फ्लाइट AI2379 फुकेत से दिल्ली आ रही थी। क्रूज के दौरान विमान अचानक करीब 300 फीट नीचे चला गया। इस दौरान विमान में सवार 20 यात्री और 4 क्रू मेंबर घायल हो गए थे। घटना के शुरुआती बयान में एयर इंडिया ने इसके पीछे टर्बुलेंस को वजह बताया था। हालांकि, बाद की जांच में विमान के तकनीकी सिस्टम से जुड़ी एक अलग तस्वीर सामने आई।
ये भी पढ़ें: एयर इंडिया की फ्लाइट PAK एयरस्पेस में घुसी: पाकिस्तान ATC की चेतावनी के बाद लौटी; दिल्ली से अमृतसर आई थी
चार सेकेंड तक विमान के कंट्रोल पर पड़ा असर
रिपोर्ट के मुताबिक, विमान के ग्रीन, ब्लू और येलो हाइड्रोलिक सिस्टम में दबाव कम होने की वजह से करीब चार सेकेंड तक फ्लाइट-कंट्रोल सरफेस काम नहीं कर पाए। इससे विमान के नियंत्रण पर अचानक असर पड़ा और वह तेजी से नीचे आया।
एक मिनट में आए कई अलर्ट मैसेज
जांच के दौरान फ्लाइट के पोस्ट-फ्लाइट Centralised Fault Display System (CFDS) लॉग की भी जांच की गई। रिपोर्ट के अनुसार, सुबह करीब 9:32 बजे IST एक मिनट के भीतर विमान में कम से कम 9 अलर्ट मैसेज आए। उस समय विमान बंगाल की खाड़ी के ऊपर से उड़ान भरने के बाद ओडिशा के तट को पार कर चुका था। इसके बाद 9:33 बजे और 9:35 बजे इमरजेंसी-एग्जिट डोर सेंसर से जुड़े अलर्ट मिले।
क्या उड़ान के दौरान पायलट सो गया था?
जांच से जुड़े सूत्रों के हवाले से रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि पायलट ने उड़ान के दौरान कम से कम 30-35 मिनट तक नींद ली थी। अगर जांच में इसकी पुष्टि होती है तो यह विमान सुरक्षा के लिहाज से बेहद गंभीर मुद्दा होगा। फिलहाल यह जानकारी हिंदुस्तान टाइम्स ने जांच से जुड़े सूत्रों के हवाले से दी है।

