एयर इंडिया की फ्लाइट PAK एयरस्पेस में घुसी: पाकिस्तान ATC की चेतावनी के बाद लौटी; दिल्ली से अमृतसर आई थी
Published:
2 min read

अमृतसर एयरपोर्ट पर गो अराउंड के दौरान फ्लाइट कुछ समय के लिए पाकिस्तान के एयरस्पेस में घुस गई। (फाइल फोटो)
नेशनल डेस्क. एयर इंडिया की दिल्ली-अमृतसर फ्लाइट AI479 22 जून को लैंडिंग के दौरान कुछ समय के लिए पाकिस्तान के एयरस्पेस में चली गई। पाकिस्तानी एयर स्पेस अथॉरिटी के चेतावनी देने के बाद फ्लाइट को वापस इंडियन एयर स्पेस में लौटी। बाद में अमृतसर एयरपोर्ट पर भी लैंडिंग की अनुमति नहीं मिली। फ्लाइट को वापस दिल्ली भेजा गया।
इस घटना पर एयर इंडिया ने कहा- घटना की जानकारी संबंधित अथॉरिटी को दे गई है। घटना की जांच की जा रही है। जांच के दौरान पायलट को रोस्टर ड्यूटी से हटा दिया गया है।
कुछ देर PAK एयर स्पेस में रही फ्लाइट
एयर इंडिया ने अपने बयान में कहा- फ्लाइट AI479 ने उड़ान के दौरान पाकिस्तानी एयरस्पेस का उल्लंघन किया है। 22 जून को फ्लाइट AI479 को दिल्ली से अमृतसर जा रही थी। अमृतसर एयरपोर्ट पर गो अराउंड (लैंडिंग की कोशिश और दोबारा उड़ान भरने) के दौरान फ्लाइट कुछ समय के लिए पाकिस्तान के एयरस्पेस में घुस गई।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, अमृतसर एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) ने एयरक्राफ्ट को 13 DME (डिस्टेंस मेजरिंग इक्विपमेंट) पर रुकने के निर्देश दिए थे। हालांकि एयरक्राफ्ट AAR की तरफ बढ़ता रहा, लेफ्ट टर्न लेकर एयरक्राफ्ट ने इंटरनेशनल बॉर्डर पार कर लिया। जिससे एयरक्राफ्ट कुछ समय के लिए पाकिस्तान के एयर स्पेस में चला गया। एयरक्राफ्ट ने ATC के निर्देशों का पालन नहीं किया। एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक, रनवे की उपलब्धता और ट्रैफिक के कारण विमान को हवा में इंतजार करवाना सामान्य प्रक्रिया है।
अमृतसर में लैंडिंग नहीं हो पाई
जब एयरक्राफ्ट वापस इंडियन एयर स्पेस में लौटा, तब भी मुश्किलें कम नहीं हुई। अमृतसर एयरपोर्ट पर एयर ट्रैफिक बढ़ गया। इस वजह से फ्लाइट को लैंडिंग की अनुमति नहीं मिली। विमान कुछ देर अमृतसर के आसपास चक्कर लगाता रहा फिर ATC के निर्देश पर वापस दिल्ली भेजा गया। जहां सुरक्षित लैंडिंग हुई। करीब 2 घंटे बाद फ्लाइट को फिर से अमृतसर भेजा गया। आखिरकार सोमवार-मंगलवार की रात लगभग 2.20 मिनट पर फ्लाइट की अमृतसर एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग हुई। इस दौरान पैसेंजर्स को करीब 4 घंटे की देरी हुई।
एयर इंडिया ने कहा- इस घटना के बारे में संबंधित अथॉरिटी को जानकारी दी गई है। और इसकी आंतरिक जांच भी की जा रही है। हालांकि एयर इंडिया ने उन वजहों के बारे में नहीं बताया जिस वजह से एयरक्राफ्ट पाकिस्तानी एयर स्पेस में घुसा।

