एयर इंडिया ने सऊदी अरब की फ्लाइट्स 20 अक्टूबर तक रद्द की: हूती अटैक और धमकी के बीच लिया फैसला, पैसेंजर्स को पूरा रिफंड मिलेगा
Published:
3 min read

सऊदी अरब में एयरपोर्ट और एविएशन इंफ्रास्ट्रक्चर पर हमलों के बाद एयर इंडिया ने तीन शहरों के लिए उड़ानें रद्द करने की तारीख बढ़ा दी है।
नेशनल डेस्क। सऊदी अरब में बढ़ते खतरे के बीच एयर इंडिया ने रियाद, जेद्दा और दम्माम के लिए अपनी सभी उड़ानें 20 अक्टूबर 2026 तक रद्द कर दी हैं। पहले यह तारीख 17 अक्टूबर थी। यानी तीन दिन एक्सटेंड किए गए हैं। एयरलाइन ने कहा है कि वह हालात पर लगातार नजर रख रही है और बेहतर हालातों में ही उड़ानें दोबारा शुरू करने का फैसला लिया जाएगा।
एयर इंडिया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बयान जारी कर यह जानकारी दी। एयरलाइंस ने रद्द उड़ानों से प्रभावित पैसेंजर्स को पूरा रिफंड देने की बात भी कही है। एयरलाइन के मुताबिक, पैसेंजर्स और क्रू की सेफ्टी उसकी सबसे पहली प्रायोरिटी है।
इंडिगो और अकासा एयर भी रद्द कर चुकी हैं उड़ानें
सऊदी अरब में सुरक्षा को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच एयर इंडिया के साथ ही इंडिगो और अकासा एयर भी उड़ानें रद्द करने का ऐलान कर चुकी हैं।
इंडिगो: रियाद, जेद्दा, दम्माम और मदीना के लिए आने-जाने वाली उड़ानें 17 अक्टूबर तक रद्द की गई हैं। इसके एक्सटेंड होने के चांस हैं। एयरलाइन ने यात्रियों को एयरपोर्ट निकलने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस चेक करने की सलाह दी है।
अकासा एयर: रियाद और जेद्दा के लिए उड़ानों पर 17 अक्टूबर तक रोक लगी हुई है। इसे भी आगे बढ़ाया जा सकता है। प्रभावित यात्रियों को पूरा रिफंड लेने या बिना एक्स्ट्रा चार्ज के यात्रा की तारीख बदलने का विकल्प दिया गया है।
रियाद एयरपोर्ट पर हमले में 13 लोगों की मौत
सऊदी अरब में हवाई यात्रा को लेकर चिंता उस वक्त बढ़ी, जब 10 अक्टूबर को रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हमला हुआ। इसमें 13 लोग मारे गए। इसमें एक भारतीय की भी मौत हुई थी।
हूतियों ने इंटरनेशनल एयरलाइंस और हवाई यात्रियों को सऊदी अरब के एयरपोर्ट और एयरस्पेस से दूर रहने की चेतावनी दी है। रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने मक्का और मदीना को छोड़कर सऊदी अरब के हवाई क्षेत्र को असुरक्षित बताया है।
हूतियों और सऊदी अरब के बीच लेटेस्ट तनाव अमेरिका-ईरान जंग के चलते शुरू हुआ है। हूती संगठन ईरान समर्थित है। ईरान पर जब-जब हमले होते हैं तो हूती भी जंग में उतरते रहे हैं।
यह भी पढ़ें... US में प्लेन क्रैश- 6 की मौत: क्रैश से पहले पायलट ने कहा था- प्लेन पर बर्फ जम रही; इमरजेंसी लैंडिंग की परमिशन मांगी थी
ICAO ने कहा- यह इंटरनेशनल पीस के लिए खतरा
सऊदी अरब में एयरपोर्ट, विमानों और एविएशन से जुड़े इंफ्रास्ट्रक्चर पर हाल में हुए हमलों पर इंटरनेशनल सिविल एविएशन ऑर्गनाइजेशन (ICAO) का रिएक्शन भी आया है। ICAO ने कहा कि सिविल एविएशन से जुड़े ठिकानों को निशाना बनाने से उड़ानों पर असर पड़ता है। ऐसे हमले हवाई यात्रा की सुरक्षा के साथ-साथ इंटरनेशनल पीस और सिक्योरिटी के लिए भी खतरा पैदा करते हैं। ICAO संयुक्त राष्ट्र (UN) की एक स्पेशल एजेंसी है। इसके 193 सदस्य देश हैं और यह इंटरनेशनल एयर स्पेस को सुरक्षित बनाने के लिए नियम तैयार करती है।

