Air India फ्लाइट टर्बुलेंस में फंसी: यात्रियों के सिर छत से टकराए,12 घायल; दिल्ली में लैंडिंग
Published:
2 min read

किसी भी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई है, कुछ यात्रियों और क्रू सदस्यों को मामूली चोटें आई हैं। (फाइल फोटो)
नेशनल डेस्क. मंगलवार को एयर इंडिया की फुकेत-दिल्ली फ्लाइट टर्बुलेंस में फंस गई। सूत्रों के मुताबिक, विमान में 2 क्रू मेंबर और 10 पैसेंजर को चोटें आईं हैं और टर्बुलेंस की वजह से विमान को भी कुछ नुकसान पहुंचा।
एयर इंडिया ने स्टेटमेंट मेंं कहा- 4 अगस्त को फुकेत से दिल्ली आ रही फ्लाइट AI379 को उड़ान के दौरान थोड़ी देर के लिए टर्बुलेंस का सामना करना पड़ा, जिससे एल्टीट्यूड में बदलाव आया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, पायलट ने बताया कि उड़ान के दौरान विमान अचानक लगभग 300 फीट नीचे आ गया।
दिल्ली में सुरक्षित लैंडिंग
फ्लाइट की दिल्ली में सुरक्षित लैंडिंग हुई है और सभी यात्री और क्रू सुरक्षित हैं। विमान में 134 यात्री सवार थे। एयरलाइन ने कहा- किसी भी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई है। कुछ यात्रियों और क्रू मेंबर को मामूली चोटें आई हैं, जिन्हें मेडिकल जांच की जरूरत है। घायल यात्रियों को जांच और देखभाल के लिए एयर इंडिया की एयरपोर्ट टीम और मेडिकल स्टाफ एयरपोर्ट पर ही मौजूद मेडिकल सुविधा केंद्र ले गए हैं।

अचानक छत से टकराए सिर
लैंडिंग के बाद यात्रियों ने बताया कि अचानक ऊंचाई कम होने की वजह से कुछ यात्री घायल हो गए। एक यात्री ने कहा, प्लेन की ऊंचाई अचानक कम हो गई। मेरा सिर छत से टकराया और फिर मैं नीचे गिर गया। कुछ यात्रियों को चोटें आईं और सिर में मामूली चोटें लगीं।

एयरलाइन ने कहा, हमारे यात्रियों और क्रू की सुरक्षा और भलाई एयर इंडिया की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। हम प्रभावित लोगों को हर जरूरी मदद दे रहे हैं और जांच के सिलसिले में संबंधित अधिकारियों का पूरा सहयोग कर रहे हैं।

