धनतेरस 2026: इमरजेंसी में गोल्ड लोन लेना कितना सही? पर्सनल लोन से सस्ता, लेकिन पेमेंट चूके तो नीलामी भी हो सकती है
Published:
7 min read

धनतेरस के दौरान लोगों को गोल्ड की खरीदारी के साथ-साथ गोल्ड लोन को लेकर भी मन में कई सवाल होते हैं। (AI जेनरेटेड इमेज)
बिजनेस डेस्क। त्योहारों के समय कई बार खरीदारी और जरूरी खर्चों की वजह से अचानक पैसों की जरूरत पड़ जाती है। वहीं मेडिकल इमरजेंसी, बच्चों की पढ़ाई की फीस, घर की मरम्मत या बिजनेस के लिए पैसों का इंतजाम करना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में गोल्ड लोन एक बेहतर ऑप्शन हो सकता है। इस तरीके में बैंक या फाइनेंसिंग कंपनियों में ज्वेलरी को गिरवी रखकर लोन लिया जाता है।
वहीं धनतेरस के दौरान लोगों को गोल्ड की खरीदारी के साथ-साथ गोल्ड लोन को लेकर भी मन में कई सवाल होते हैं। क्या इमरजेंसी के समय पैसों की जरूरत पड़ने पर गोल्ड लोन लेना सही रहेगा? क्या यह पर्सनल लोन और क्रेडिट कार्ड से सस्ता होता है? अगर समय पर किश्त न चुकाई तो क्या गिरवी रखा सोना हाथ से निकल जाएगा?
फाइनेंशियल एक्सपर्ट के मुताबिक, गोल्ड लोन इमरजेंसी में पैसों की जरूरत को पूरा करने का बेहतर ऑप्शन हो सकता है। हालांकि इसे लेने से पहले इंटरेस्ट रेट, एक्सट्रा फीस और पेमेंट की कंडीशन्स के बारे में जानना बेहद जरूरी है। क्योंकि अगर समय पर लोन नहीं चुकाया तो आपकी ज्वेलरी के जाने का रिस्क बढ़ सकता है।
गोल्ड लोन इमरजेंसी के लिए क्यों फायदेमंद?
गोल्ड लोन एक सिक्योर्ड लोन होता है। ऐसे में इसका अप्रूवल आसान और तेज हो सकता है। आनंद राठी शेयर्स एंड स्टॉक ब्रोकर्स के डायरेक्टर और हेड-प्रेफर्ड थॉमस स्टीफन के मुताबिक, गोल्ड लोन का इस्तेमाल मेडिकल खर्च, घर की मरम्मत, बच्चों की पढ़ाई की फीस और छोटी जरूरतों को पूरा करने में किया जा सकता है। इसके लिए कम डॉक्यूमेंट की जरूरत पड़ती है। साथ ही इसके लिए एप्लीकेंट की क्रेडिट हिस्ट्री पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया जाता है।

पर्सनल लोन और क्रेडिट कार्ड से गोल्ड लोन कितना सस्ता?
गोल्ड लोन को कई बार अनसिक्योर्ड लोन के मुकाबले कम इंटरेस्ट वाला ऑप्शन माना जाता है। थॉमस स्टीफन के इंडिकेटिव आंकड़ों के मुताबिक, गोल्ड लोन पर एनुअल इंटरेस्ट रेट लगभग 8 से 16% हो सकतe है। वहीं पर्सनल लोन पर इंटरेस्ट रेट 11 से 24% और क्रेडिट कार्ड से कैश निकालने पर 30 से 42% या इससे ज्यादा हो सकता है।
हालांकि, ये रेट्स सभी बैंकों और कस्टमर्स के लिए एक जैसे नहीं होते हैं। असल इंटरेस्ट रेट लेंडर, लोन स्कीम और एप्लीकेंट की प्रोफाइल के आधार पर अलग-अलग हो सकते हैं।
SEBI में रजिस्टर्ड इन्वेस्टमेंट एडवाइजर और सहजमनी के फाउंडर एवं चीफ इन्वेस्टमेंट एडवाइजर अभिषेक कुमार के मुताबिक, गोल्ड लोन में सोना गिरवी होने के कारण लेंडर ज्यादा सिक्योर्ड होता है, लेकिन सिर्फ इंटरेस्ट देखकर लोन को नहीं चुनना चाहिए। प्रोसेसिंग फीस, वैल्यूएशन चार्ज और पेमेंट से जुड़े दूसरे खर्च भी कुल कॉस्ट को बढ़ा सकते हैं।
गोल्ड लोन लेने से पहले इन खर्चों को समझना जरूरी
गोल्ड लोन लेते समय सबसे पहले यह जानना चाहिए कि बैंक या फाइनेंस कंपनी आपसे कितना इंटरेस्ट ले रही है। इसके अलावा इंटरेस्ट के कैलकुलेशन मेथड को भी समझ लेना चाहिए और इंटरेस्ट रेट फिक्स्ड है या समय के साथ बदल सकता है।
लोन की कुल कॉस्ट में प्रोसेसिंग फीस, सोने की जांच और वैल्यूएशन का खर्च, स्टोरेज और इंश्योरेंस चार्ज शामिल हो सकते हैं। कुछ लेंडर लोन रिन्यू कराने या समय से पहले बंद करने पर भी फीस चार्ज कर सकते हैं। इसलिए एग्रीमेंट साइन करने से पहले सभी चार्ज के बारे में पता कर लेना चाहिए।
इसके साथ ही लोन-टू-वैल्यू (LTV) रेश्यो के बारे में भी पता करना जरूरी है। इस रेश्यो से पता चलता है कि आपको सोने की कीमत के मुकाबले कितना लोन मिल सकता है। लोन लेने से पहले ज्वेलरी की प्योरिटी और उसके वजन को चेक जरूर करें। सोने की प्योरिटी, नेट वेट और वैल्यूएशन लिख लें।

रीपेमेंट का तरीका तय करेगा कितना आसान होगा लोन चुकाना
गोल्ड लोन लेने से पहले सिर्फ यह देखना काफी नहीं है कि आपको कितना लोन मिल रहा है, बल्कि यह भी समझना जरूरी है कि उस लोन को वापस कैसे चुकाना है। अलग-अलग लेंडर कस्टमर्स को अलग रीपेमेंट ऑप्शन दे सकते हैं। कुछ लोन में हर महीने इंटरेस्ट और प्रिंसिपल अमाउंट दोनों का पेमेंट करना होता है। वहीं कुछ में कस्टमर्स को रेगुलर सिर्फ इंटरेस्ट चुकाना पड़ता है और प्रिंसिपल अमाउंट का पेमेंट मैच्योरिटी पर करना होता है।
बुलेट रीपेमेंट ऑप्शन शुरुआत में आसान लग सकता है, क्योंकि इसमें हर महीने प्रिंसिपल अमाउंट चुकाने का दबाव नहीं होता, लेकिन मैच्योरिटी के समय दिक्कत आ सकती है। उस समय कस्टमर्स को एक साथ बड़ी रकम चुकानी पड़ सकती है।
थॉमस स्टीफन के मुताबिक, लोन लेने वाले को ऐसा रीपेमेंट ऑप्शन चुनना चाहिए जो उसकी रेगुलर इनकम और फ्यूचर में मिलने वाले पैसों के हिसाब से हो। ज्ञानरूट्स की फाउंडर और CEO स्वेता सिंह भी सलाह देती हैं कि अगर ज्यादा लोन मिल रहा है तो जरूरी नहीं है कि ज्यादा लोन लें। आपको अपनी जरूरत और चुकाने की क्षमता के मुताबिक लोन लेना चाहिए।
समय पर भुगतान नहीं किया तो नीलाम हो सकता है सोना
गोल्ड लोन समय पर न चुकाने पर रिस्क हो सकता है। अगर कस्टमर समय पर इंटरेस्ट या प्रिंसिपल अमाउंट नहीं चुकाता है तो उस पर एक्सट्रा इंटरेस्ट और पेनल्टी लग सकती है।
लगातार पेमेंट मिस होने पर लेंडर कस्टमर्स को रिमाइंडर भेज सकता है और बकाया अमाउंट चुकाने के लिए फॉर्मल नोटिस भेज सकता है। अगर इसके बाद भी पेमेंट मिस हो जाती है तो लोन एग्रीमेंट और रूल्स के मुताबिक गिरवी गोल्ड की नीलामी की जा सकती है। इसके अलावा डिफॉल्ट का असर कस्टमर की क्रेडिट हिस्ट्री पर भी पड़ सकता है।
अभिषेक कुमार के मुताबिक, पेमेंट लगातार मिस लेंडर बकाया अमाउंट वसूलने के लिए गिरवी रखी ज्वेलरी की नीलामी कर सकता है। इसलिए लोन लेने से पहले डिफॉल्ट के लिए कंडीशन्स को अच्छी तरह से समझ लेना चाहिए।

रीपेमेंट में परेशानी आए तो क्या करें?
अगर किसी कारण से गोल्ड लोन समय पर चुकाना मुश्किल हो रहा है तो लेंडर से तुरंत कॉन्टैक्ट करना चाहिए। कस्टमर्स बैंक या फाइनेंस कंपनी से लोन रीस्ट्रक्चरिंग, रिन्यूअल या रीफाइनेंसिंग जैसे ऑप्शन पर बात कर सकता है। इसके अलावा लोन से जुड़े सभी जरूरी डॉक्यूमेंट सुरक्षित रखने चाहिए। इनमें लोन एग्रीमेंट, गोल्ड गिरवी रखने की रसीद, पेमेंट की रसीद और लेंडर के साथ हुई बातचीत का रिकॉर्ड शामिल है।
लोन लेने से पहले नोटिस पीरियड, नीलामी प्रोसेस और बकाया अमाउंट चुकाकर ज्वेलरी वापस लेने की कंडीशन्स को समझ लेना चाहिए।
इमरजेंसी फंड के लिए गोल्ड लोन या सेविंग दोनों में क्या बेहतर?
गोल्ड लोन इमरजेंसी में पैसों की जरूरत को पूरा करने में मदद कर सकता है, लेकिन इसे इमरजेंसी फंड का परमानेंट ऑप्शन नहीं समझना चाहिए। फाइनेंस एक्सपर्ट के मुताबिक, हर फैमिली को अपनी जरूरत और खर्चों के हिसाब से अलग इमरजेंसी फंड तैयार करना चाहिए। इसके साथ ही हेल्थ और दूसरे जरूरी इंश्योरेंस कवर रखना जरूरी है।
गोल्ड लोन लेना चाहिए या नहीं?
गोल्ड लोन छोटे समय की फाइनेंशियल जरूरतों को पूरा करने का एक आसान जरिया हो सकता है। इसका प्रोसेस कई बार तेज होता है और इंटरेस्ट रेट भी पर्सनल लोन या क्रेडिट कार्ड कैश एडवांस के मुकाबले कम हो सकता है।
इसलिए धनतेरस 2026 पर गोल्ड लोन को इमरजेंसी फंड बनाने का ऑप्शन मानने के बजाय इसे जरूरत पड़ने पर इस्तेमाल किए जाने वाले शॉर्ट-टर्म कर्ज के तौर पर देखना चाहिए। लोन लेने से पहले इंटरेस्ट और सभी एक्स्ट्रा खर्चों को देखें। अपनी पेमेंट कैपेसिटी और फ्यूचर इनकम के हिसाब से गोल्ड लोन लेने के बारे में सोचें।
ये भी पढ़ें-

