Dhanteras पर घर बैठे मंगाएं सोने-चांदी के सिक्के: Blinkit-Zepto समेत 4 ऐप पर मिल रहे ऑप्शन, खरीदने से पहले 5 बातें जान लें
Published:
5 min read

धनतेरस पर Blinkit, Zepto और Instamart जैसे ऐप से घर बैठे सोने-चांदी के सिक्के खरीद सकते हैं। (फोटो सोर्स- रॉयटर्स)
बिजनेस डेस्क। धनतेरस (Dhanteras 2026) पर सोना-चांदी खरीदना शुभ माना जाता है। पहले लोग इस मौके पर ज्वेलरी शॉप पर जाकर सिक्के खरीदते थे, लेकिन अब घर बैठे यह काम हो जाता है। 'Blinkit', 'Zepto', 'Bigbasket' और 'Swiggy Instamart' जैसे क्विक कॉमर्स ऐप पर गोल्ड-सिल्वर के क्वाइन ऑर्डर करने का ऑप्शन मिल रहा है। यहां ग्राहक अलग-अलग वजन और कीमत के सिक्के देखकर अपनी पसंद का प्रोडक्ट खरीद सकते हैं।
हालांकि, ऑनलाइन शॉपिंग की यह सुविधा जितनी आसान है। उतनी ही सावधानी बरतना भी जरूरी है। सोना-चांदी खरीदते समय उसकी प्योरिटी, वजन, सर्टिफिकेशन और कीमत की जांच करना जरूरी है। सिर्फ इसलिए किसी सिक्के को असली नहीं मान लेना चाहिए, क्योंकि वह किसी बड़े ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर बिक रहा है।
अगर आप भी इस धनतेरस पर सोने-चांदी के सिक्के खरीदने की सोच रहे हैं, ऑनलाइन ऑर्डर करने से पहले इन 5 जरूरी बातों का ध्यान रखें...
Blinkit, Zepto, Bigbasket और Instamart से कैसे खरीदें सोने-चांदी के सिक्के
- इन चारों ऐप से क्वाइन खरीदने का तरीका लगभग एक जैसा है। सबसे पहले अपने मोबाइल में ऐप खोलें। इसके बाद सर्च बार में 'Gold Coin' या 'Silver Coin' लिखकर सर्च करें।
- आपके पिन कोड के हिसाब से उपलब्ध सिक्कों की लिस्ट दिखाई देगी। अब अपनी पसंद का सिक्का चुनने से पहले उसका ब्रांड, वजन, शुद्धता और प्रोडक्ट की जानकारी पढ़ें।
- यह भी देखें कि क्वाइन किस कंपनी ने बनाया है। अलग-अलग वजन वाले सिक्कों की कीमत की तुलना करने के बाद ही खरीदारी का फैसला लें।
- सोने-चांदी की प्योरिटी और सर्टिफिकेशन चेक करें
सोने का सिक्का खरीदते समय सबसे पहले उसकी प्योरिटी देखनी चाहिए। आमतौर पर 24 कैरेट गोल्ड क्वाइन खरीदना बेहतर माना जाता है। इनकी शुद्धता 999 या 995 फाइननेस के रूप में लिखी होती है। इसका मतलब है कि सोने में शुद्ध धातु की मात्रा कितनी है। चांदी का सिक्का खरीदते समय भी उसकी प्योरिटी से जुड़ा सर्टिफिकेट जरूर देखें।

- ऑर्डर करने से पहले वजन चेक करें
सिक्के का वजन सीधे तौर पर तय करता है कि खरीदार को कितना सोना या चांदी मिलेगा। ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर 0.5 ग्राम, 1 ग्राम, 2 ग्राम और 5 ग्राम जैसे अलग-अलग वजन के सिक्के मिल सकते हैं। ऑर्डर करने से पहले प्रोडक्ट की पूरी जानकारी पढ़ें। देखें कि उसमें सोने या चांदी का असली वजन कितना बताया गया है।
कई बार पैकेजिंग का वजन भी अलग से दिया जाता है। इसलिए पैकेट के वजन और सिक्के के असली वजन में अंतर समझना जरूरी है। डिलीवरी के समय प्रोडक्ट डिटेल्स को ऑर्डर कंफर्मेशन से कम्पेयर करें।
- लिस्टेड प्राइस की नहीं, फाइनल भुगतान की तुलना करें
सोने-चांदी के सिक्कों की कीमत सिर्फ उनके वजन से तय नहीं होती। बाजार में सोने-चांदी का भाव, शुद्धता, मेकिंग चार्ज और डिजाइन जैसी चीजें भी इसकी कीमत को प्रभावित करती हैं। इसलिए सिक्के खरीदते समय सिर्फ शुरुआती कीमत देखकर फैसला न करें। अलग-अलग प्रोडक्ट की तुलना करें और देखें कि आखिर में कितनी रकम चुकानी होगी। चेकआउट के समय GST और दूसरे अतिरिक्त चार्ज भी जांचे। बिल में प्रोडक्ट का नाम, बेचने वाले का नाम, कीमत और टैक्स का जानकारी होनी चाहिए।
- रिटर्न और रिफंड पॉलिसी पढ़ना ना भूलें
ऑर्डर करने से पहले यह देख लें कि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर रिटर्न या रिप्लेसमेंट की सुविधा है या नहीं। कंज्यूमर प्रोटेक्शन (ई-कॉमर्स) रूल्स, 2020 के तहत ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म खराब, नकली या विज्ञापन में दिखाई गई जानकारी से अलग सामान मिलने पर रिफंड या रिटर्न से इनकार नहीं कर सकते।

- खरीदारी का बिल और पेमेंट की रसीद संभालकर रखें
ऑनलाइन सोने-चांदी के सिक्के खरीदने के बाद डिजिटल बिल, ऑर्डर कन्फर्मेशन और पेमेंट की रसीद जरूर सेव कर लें। इन दस्तावेजों में खरीदे गए सिक्के का वजन, कीमत, बेचने वाले और खरीदारी से जुड़ी दूसरी जरूरी जानकारी होती है।
भविष्य में अगर आपको डिलीवर हुए सिक्के और ऐप पर दिखाई गई जानकारी में कोई अंतर मिलता है, तो ये डॉक्टूमेंट शिकायत दर्ज कराने में मदद कर सकते हैं। इसलिए खरीदारी के बाद बिल को डिलीट न करें और उसकी एक कॉपी अपने पास भी रखें।
यह भी पढ़ें-

