पाकिस्तान की विदेश में लगातार 8 हार के बाद पहली टेस्ट जीत: वेस्टइंडीज को 8 विकेट से हराकर सीरीज 1-1 से बराबर, बाबर प्लेयर ऑफ द सीरीज
Published: Updated:
3 min read

सीरीज बराबर होने के बाद ट्रॉफी के साथ पोज देते पाकिस्तानी कप्तान बाबर आजम और वेस्टइंडीज के कप्तान रोस्टन चेज।
स्पोर्ट्स डेस्क. पाकिस्तान और वेस्टइंडीज (West Indies vs Pakistan) के बीच दो टेस्ट की सीरीज 1-1 से बराबरी पर खत्म हुई। दूसरा यानी आखिरी टेस्ट 2 अगस्त से पोर्ट ऑफ स्पेन में खेला गया, जिसे पाकिस्तान ने 8 विकेट से जीत लिया। इस तरह विदेशी जमीन पर पाकिस्तान को लगातार 8 हार के बाद पहली टेस्ट जीत मिली है।
पाकिस्तानी कप्तान बाबर आजम (Babar Azam) को प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया। बाबर ने सीरीज की 4 पारियों में सबसे ज्यादा 193 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका एवरेज 96.50 का रहा।
बाबर की कप्तानी में विदेश में 12 में से 9 टेस्ट जीते
वेस्टइंडीज की मेजबानी में दोनों टीमों के बीच यह 10वीं टेस्ट सीरीज थी, जिसमें से पाकिस्तान को सिर्फ एक में जीत मिली है। मेजबान वेस्टइंडीज टीम ने 4 सीरीज जीतीं और 5 ड्रॉ रहीं।
पाकिस्तान के खिलाफ साल 2000 के बाद से वेस्टइंडीज कोई टेस्ट सीरीज नहीं जीत सकी है। पिछली 9 सीरीज में पाकिस्तान ने 4 जीतीं और 5 ड्रॉ रहीं। बतौर कप्तान बाबर आजम का रिकॉर्ड भी शानदार रहा है। उन्होंने विदेश में 12 टेस्ट में से 9 जिताए हैं।
अब बात दूसरे टेस्ट की करते हैं
- पोर्ट ऑफ स्पेन में खेले गए सीरीज के आखिरी टेस्ट में वेस्टइंडीज ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए 344 रन बनाए। जस्टिन ग्रीव्स ने 73 और कप्तान रोस्टन चेज ने 70 रन की पारी खेली। पाकिस्तान के लिए ऑफ स्पिनर साजिद खान ने 4 विकेट लिए।
- पाकिस्तान ने पहली पारी में 387 रन बनाकर 43 रन की बढ़त बनाई थी। अब्दुल्लाह शफीक ने 160 और बाबर ने 88 रन की पारी खेली। वेस्टइंडीज के लिए स्पिनर जोमेल वारिकेन ने 6 विकेट लिए।
- दूसरी पारी में वेस्टइंडीज टीम 117 रन पर ऑलराउट हुई। कावेन होज ने सबसे ज्यादा 34 रन बनाए। पाकिस्तान के लिए अली उस्मान और साजिद खान ने 4-4 विकेट लिए। पहली पारी की लीड उतारकर पाकिस्तान को 75 रन का टारगेट दिया।
- जवाब में पाकिस्तान टीम ने 2 विकेट गंवाकर 77 रन बनाते हुए मैच अपने नाम किया। अब्दुल्लाह और बाबर 24-24 रन बनाकर नाबाद लौटे। इस तरह दो टेस्ट की सीरीज 1-1 से बराबरी पर खत्म हुई। वेस्टइंडीज ने पहला टेस्ट 90 रन से जीता था।
बाबर प्लेयर ऑफ द सीरीज
अब्दुल्लाह शफीक को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया, जिन्होंने पहली पारी में 160 और दूसरी पारी में नाबाद 24 रन बनाए। जबकि बाबर प्लेयर ऑफ द सीरीज रहे। उन्होंने सीरीज में सबसे ज्यादा 193 रन बनाए।
WTC में पाकिस्तान को फायदा
यह टेस्ट जीतने के बाद ICC वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप (WTC) की पॉइंट्स टेबल में पाकिस्तान को एक पायदान का फायदा हुआ है। टीम अब 8वें नंबर पर पहुंच गई है। जबकि वेस्टइंडीज को एक पायदान का नुकसान हुआ। वह सबसे नीचे यानी 9वें नंबर पर आ गई है।

