पाकिस्तानी बॉक्सर कॉमनवेल्थ गेम्स से गायब: होटल से भागा, पासपोर्ट टीम मैनेजर के पास; पहले भी कई टूर्नामेंट से PAK एथलीट गायब हो चुके
Published: Updated:
3 min read

20 साल के पाकिस्तानी बॉक्सर कुदरत उल्लाह ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में एक ही मैच जीता था। मेन्स की 60kg वेट कैटेगरी के पहले राउंड में फिजी के बॉक्सर Jone Davule को हराया था। (फोटो- फेसबुक)
स्पोर्ट्स डेस्क. कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 ग्लास्गो में हुए, जिसमें पाकिस्तान ने सिर्फ एक मेडल जीता। टूर्नामेंट 2 अगस्त को खत्म हुआ। इसके बाद सभी एथलीट्स को अपने देश लौटना था, लेकिन इसी बीच एक बड़ी खबर आई। पाकिस्तानी बॉक्सर कुदरत उल्लाह खान (Qudrat Ullah Khan) होटल से ही कहीं गायब हो गया।
कुदरत ने CWG 2026 में एक मैच जीता था
खास बात यह भी है कि इस बॉक्सर का पासपोर्ट टीम मैनेजर के पास था, फिर भी वह भाग निकला। यह पाकिस्तान के लिए शर्मनाक बात है। इस देश के साथ ऐसा पहली बार नहीं हुआ है। इससे पहले भी कई टूर्नामेंट्स में पाकिस्तानी एथलीट्स गायब हो चुके हैं।
दरअसल, क्वेटा के रहने वाले 20 साल के बॉक्सर कुदरत उल्लाह ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में एक ही मैच जीता था। उसने मेन्स की 60kg वेट कैटेगरी में हिस्सा लिया था। उसने पहले राउंड में फिजी के बॉक्सर Jone Davule को हराया था। दूसरे राउंड में नॉर्दर आयरलैंड के बॉक्सर Jude Gallagher से हार गए थे।
इस बार कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में पाकिस्तान ने सिर्फ एक मेडल जीता है। यह उपलब्धि वुमन्स बॉक्सिंग में फातिमा जहरा ने हासिल की है। फातिमा ने ब्रॉन्ज जीता है।

कुदरत जानबूझकर UK में ही रुक गए
कुदरत को टीम के साथ रविवार (2 अगस्त) को ही देश लौटना था। टीम एयरपोर्ट पहुंच गई थी, लेकिन बॉक्सर कहीं गायब हो गया। पाकिस्तान बॉक्सिंग फेडरेशन (PBF) के प्रेसिडेंट रिटायर्ड लेफ्टिनेंट कर्नल नासिर तुंग ने कहा कि कुदरत अभी कहां है, इसकी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं है।
हालांकि खबरों में बताया जा रहा है कि कुदरत जानबूझकर UK में ही रुक गया है। सूत्र ने कहा कि कुदरत का पासपोर्ट टीम मैनेजर के पास है। इसके बावजूद वह गायब हो गया।
पहले भी कई पाकिस्तानी एथलीट गायब हुए
इससे पहले भी 2022 बर्मिंघम कॉमनवेल्थ गेम्स के दौरान भी दो बॉक्सर गायब हुए थे। यह दोनों सुलेमान बलोच और नजीरुल्लाह खान थे। दोनों टीम के साथ देश नहीं लौटे थे।
इसके अलावा इटली में हुए 2024 वर्ल्ड ओलंपिक क्वालिफायर्स के दौरान जोहैब रशीद भी गायब हो गए थे। रशीद ने एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल भी जीता है।
युगांडा के भी 4 बॉक्सर लापता
युगांडा ब्रॉडकास्टर NBS स्पोर्ट के मुताबिक, उनके देश के भी 4 बॉक्सर घर नहीं लौटे हैं। मंगलवार को 6 सदस्यीय बॉक्सिंग टीम को घर लौटने के लिए फ्लाइट में सवार होना था, जिसमें सिर्फ 2 बॉक्सर ही पहुंचे। इस मामले में ग्लास्गो पुलिस ने कहा कि कई देश के एथलीट्स गायब होने की खबर है। इसकी जांच चल रही है।

