VVS लक्ष्मण के लिए BCCI में नई पोस्ट: क्रिकेट डायरेक्टर का पद संभाल सकते हैं; चीफ सिलेक्टर अगरकर का भी कार्यकाल बढ़ सकता है
Published: Updated:
3 min read

वीवीएस लक्ष्मण ने 134 टेस्ट में 8781 और 86 वनडे में 2338 रन बनाए। टेस्ट में 17 और वनडे में 6 सेंचुरी उनके नाम हैं। (@ANI)
स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) पूर्व क्रिकेटर वीवीएस लक्ष्मण (VVS Laxman) के लिए नई पोस्ट निकालने का प्लान बना रहा है। इस पोस्ट का नाम क्रिकेट डायरेक्टर रहेगा। लक्ष्मण इस समय BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE) के हेड हैं।
इंडिया टुडे की रिपोर्ट में यह दावा किया गया है। इसमें बताया गया है कि चीफ सिलेक्टर अजित अगरकर का कार्यकाल भी बढ़ाकर जून 2027 तक किया जा सकता है। फिलहाल, अगरकर का कार्यकाल सितंबर 2026 में खत्म हो रहा है।
क्या जिम्मेदारियां मिल सकती हैं लक्ष्मण को?
लक्ष्मण कई बार भारतीय टीम के हेड कोच गौतम गंभीर की गैरमौजूदगी में यह जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं। यदि वे क्रिकेट डायरेक्टर का पद संभालते हैं, तो उनके अंडर में कई सारी जिम्मेदारियां आ सकती हैं।
वे मेन्स और वुमन्स क्रिकेट से जुड़े सभी मामलों को संभालेंगे। उन पर परफॉर्मेंस रिव्यू, कोचिंग स्टाफ में भर्तियां, सिलेक्शन और वर्कलोड मैनेजमेंट रिव्यू जैसी जिम्मेदारियां रहेंगी। बतौर COE हेड वे लगभग इस तरह की कुछ जिम्मेदारियों को पहले ही देख रहे हैं। बतौर क्रिकेट डायरेक्टर इन जिम्मेदारियों का दायरा बढ़ जाएगा।

लक्ष्मण ने 2024 में हेड कोच का पद नहीं लिया था
इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) में भी क्रिकेट डायरेक्टर का पद होता है। वहां फिलहाल यह जिम्मेदारी रॉब की संभाल रहे हैं। कप्तान, कोच की नियुक्ति और टीम सिलेक्शन में उनका रोल काफी अहम होता है। यदि BCCI भी यह नई पोस्ट लाता है और लक्ष्मण को जिम्मेदारी मिलती है तो उनका रोल भी ऐसा ही हो सकता है।
जून 2024 में राहुल द्रविड़ का बतौर टीम इंडिया के हेड कोच कार्यकाल खत्म हुआ था। तब द्रविड़ की जगह वीवीएस लक्ष्मण को ही हेड कोच बनाने की बात चल रही थी। बोर्ड ने उनसे बात भी की थी, लेकिन लक्ष्मण ने यह पद स्वीकार नहीं किया था। उन्होंने CoE के हेड को पोस्ट संभालना बेहतर समझा।

