वैभव सूर्यवंशी के भाई की सेंचुरी: 10 साल के आशीर्वाद के 87 बॉल पर 103 रन; वैभव टीम इंडिया में सिलेक्ट
Published: Updated:
3 min read

पिता के साथ वैभव और आशीर्वाद सूर्यवंशी। (फोटो- सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय टी20 टीम में सिलेक्ट हुए 15 साल के वैभव सूर्यवंशी के छोटे भाई आशीर्वाद सूर्यवंशी भी सुर्खियों में आ गए हैं। उन्होंने एक घरेलू टूर्नामेंट में सेंचुरी लगाई। आशीर्वाद की उम्र 10 साल है। उन्होंने 87 बॉल पर 103 रन की पारी खेली है। आशीर्वाद ने यह पारी समस्तीपुर के एक टूर्नामेंट में खेली है।
वैभव ने स्कोरकार्ड का स्क्रीनशॉट शेयर किया
10 साल के आशीर्वाद इस टूर्नामेंट में क्रिकेट अकादमी ताजपुर के लिए खेलने उतरे थे। उन्होंने 87 गेंदों पर 103 रन बनाए। उनका स्ट्राइक रेट 118.39 का रहा। आशीर्वाद ने 20 चौके और एक सिक्स लगाया। उनकी टीम ने 29.5 ओवर में 4 विकेट पर 234 रन बनाए।
वैभव ने खुद यह जानकारी शेयर की है। उन्होंने मैच के स्कोरकार्ड का स्क्रीनशॉट शेयर किया, जिसमें आशीर्वाद का स्कोर दिखाई दे रहा है। इसके साथ ही आशीर्वाद की फोटो भी शेयर की।

वैभव भारतीय टी20 टीम में सिलेक्ट
वैभव को श्रीलंका दौरे के लिए इंडिया-ए टीम में सिलेक्ट किया गया है। साथ ही उन्हें इसी महीने के आखिर में होने वाले आयरलैंड दौरे और जुलाई में होने वाले इंग्लैंड दौरे के लिए भी टी20 टीम में चुना गया है। वैभव को एशियन गेम्स 2026 के लिए भी भारतीय टीम में जगह मिली है। हालांकि वैभव का इंटरनेशनल डेब्यू बाकी है।
सचिन का रिकॉर्ड तोड़ा
भारत की T20 टीम में सिलेक्शन के साथ वैभव ने 36 साल पुराना रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। वह भारत की सीनियर टीम में चुने जाने वाले सबसे कम उम्र के प्लेयर्स में शामिल हो गए है। वैभव ने यह उपलब्धि 15 साल और 71 दिन की उम्र में हासिल की है।
इससे पहले टीम इंडिया में शामिल होने वाले यंगेस्ट प्लेयर का रिकॉर्ड सचिन के नाम था। सचिन को 1989 में पाकिस्तान दौरे के लिए भारतीय टीम में जगह मिली थी। उन्होंने कराची टेस्ट से इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था, तब उनकी उम्र 16 साल और 205 दिन थी।

IPL में वैभव के 776 रन
वैभव के लिए IPL 2026 सीजन काफी शानदार रहा। उन्होंने 16 मैच में सबसे ज्यादा 776 रन बनाते हुए ऑरेंज कैप अपने नाम की थी। इस सीजन में वैभव ने एक सेंचुरी और 5 फिफ्टी लगाईं। उनका स्ट्राइक रेट भी 237.30 का रहा। राजस्थान रॉयल्स (RR) के लिए खेलने वाले इस यंग ओपनर ने IPL 2026 सीजन में सबसे ज्यादा 72 सिक्स भी लगाए और क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ा।

