वैभव के साथ माता-पिता भी आयरलैंड-इंग्लैंड जाएंगे : BCCI सेक्रेटरी बोले- उनकी फैमिली का पूरा खर्च बोर्ड उठाएगा
Published: Updated:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय T20 टीम में चुने गए वैभव सूर्यवंशी के लिए BCCI ने स्पेशल अरेंजमेंट किया है। आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे पर 15 साल के वैभव के साथ उनके माता-पिता भी जा सकेंगे। बोर्ड ने यह फैसला इसलिए लिया है ताकि वैभव को इतनी कम उम्र में सीनियर टीम के माहौल में किसी तरह की परेशानी न हो।
BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने कहा कि वैभव अभी नाबालिग हैं। पहली बार सीनियर प्लेयर्स के साथ विदेश दौरे पर जा रहे हैं। ऐसे में बोर्ड ने फैसला किया है कि फैमिली का कोई मेम्बर उनके साथ रहे, ताकि वैभव को नए माहौल में खुद को ढालने में आसानी हो।

पिता श्रीलंका पहुंचे
वैभव फिलहाल इंडिया ए टीम के साथ श्रीलंका में ट्राई सीरीज खेल रहे हैं। सैकिया ने बताया कि उनके पिता रविवार को श्रीलंका पहुंचेंगे। अगर परिवार चाहे तो इंग्लैंड दौरे पर भी वैभव के साथ रह सकता है। इसका पूरा खर्च BCCI उठाएगा।
उन्होंने कहा- यह सुविधा हर प्लेयर को नहीं दी जाती। वैभव अभी सिर्फ 15 साल के हैं। इसी वजह से बोर्ड ने उनके लिए खास व्यवस्था की है। BCCI चाहता है कि वह सीनियर टीम के माहौल में धीरे-धीरे घुल-मिल जाएं। सहज महसूस करें।

सचिन का रिकॉर्ड तोड़ा
भारत की T20 टीम में सिलेक्शन के साथ वैभव ने 36 साल पुराना रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। वह भारत की सीनियर टीम में चुने जाने वाले सबसे कम उम्र के प्लेयर्स में शामिल हो गए है। वैभव ने यह उपलब्धि 15 साल और 71 दिन की उम्र में हासिल की है।
इससे पहले टीम इंडिया में शामिल होने वाले यंगेस्ट प्लेयर का रिकॉर्ड सचिन के नाम था। सचिन को 1989 में पाकिस्तान दौरे के लिए भारतीय टीम में जगह मिली थी। उन्होंने कराची टेस्ट से इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था, तब उनकी उम्र 16 साल और 205 दिन थी।

IPL में 776 रन
वैभव के लिए IPL 2026 सीजन काफी शानदार रहा। उन्होंने 16 मैच में सबसे ज्यादा 776 रन बनाते हुए ऑरेंज कैप अपने नाम की थी। इस सीजन में वैभव ने एक सेंचुरी और 5 फिफ्टी लगाईं। उनका स्ट्राइक रेट भी 237.30 का रहा। राजस्थान रॉयल्स (RR) के लिए खेलने वाले इस यंग ओपनर ने IPL 2026 सीजन में सबसे ज्यादा 72 सिक्स भी लगाए और क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ा।

