US ओपन में बड़ा उलटफेर: 24 ग्रैंड स्लैम जीतने वाले जोकोविच पहली बार फर्स्ट राउंड में बाहर, वर्ल्ड नंबर-49 मारियानो से हारकर रोने लगे
Published: Updated:
3 min read

जोकोविच ने तीन साल से कोई भी ग्रैंड स्लैम खिताब नहीं जीता है। पिछली बार 2023 में जोकोविच ने तीन ग्रैंड स्लैम (ऑस्ट्रेलियन ओपन, रौलां गैरो और यूएस ओपन) जीते थे। (फोटो- सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क. US ओपन 2026 में सोमवार (31 अगस्त) को बड़ा उलटफेर देखने को मिला। सर्बिया के वर्ल्ड नंबर-5 नोवाक जोकोविच पहले ही राउंड में हारकर बाहर हो गए हैं। उन्हें अर्जेंटीना के वर्ल्ड नंबर-49 मारियानो नवोने (Mariano Navone) ने 7-6, 5-7, 6-4, 2-6, 6-1 से हराकर बाहर कर दिया। जोकोविच 2005 से US ओपन खेल रहे हैं और पहली बार फर्स्ट राउंड में बाहर हुए हैं।
39 साल के जोकोविच ने 4 बार यह खिताब अपने नाम किया है। वे मेन्स टेनिस में सबसे ज्यादा 24 ग्रैंड स्लैम जीतने वाले खिलाड़ी भी हैं। इस हार के बाद वे भावुक हो गए और आंसू छलक पड़े। इसका वीडियो भी वायरल हो रहा है।
यह मुकाबला 4 घंटे और 36 मिनट तक चला
जोकोविच और मारियानो के बीच यह मुकाबला 4 घंटे और 36 मिनट तक चला। यह मैच 5 सेट तक चला, जिसमें मारियानो ने जीत के साथ शुरुआत की थी। उन्होंने पहला सेट 7-6 से अपने नाम किया था।
हालांकि दूसरे सेट में जोकोविच ने वापसी की और 7-5 से सेट जीतकर मैच बराबर किया। तीसरा सेट में दोनों के बीच काफी टक्कर देखने को मिली, लेकिन मारियानो ने बाजी मारते हुए 6-4 से जीत दर्ज कर बढ़त बनाई।
चौथे सेट में एक बार फिर जोकोविच ने वापसी की और 6-2 से जीतकर मैच एक बार फिर बराबर किया। अब आखिरी यानी 5वें सेट में विनर का फैसला होना था। इस निर्णायक सेट में जोकोविच पूरी तरह पिछड़ते नजर आए और मारियानो ने एकतरफा अंदाज में 6-1 से सेट जीतकर मैच अपने नाम किया।
3 साल से कोई ग्रैंड स्लैम नहीं जीते
जोकोविच ने तीन साल से कोई भी ग्रैंड स्लैम खिताब नहीं जीता है। पिछली बार 2023 में जोकोविच ने तीन ग्रैंड स्लैम (ऑस्ट्रेलियन ओपन, रौलां गैरो और यूएस ओपन) जीते थे। इसके बाद वे दो बार फाइनल (ऑस्ट्रेलियन ओपन और रौलां गैरो) खेल चुके, लेकिन एक भी खिताब नहीं जीत सके। इस दौरान 7 सेमीफाइनल खेले।
ये भी पढ़ें: इमरान का इंटरव्यू और पाकिस्तान की धमकी: लॉर्ड्स टेस्ट के बॉयकॉट पर बाबर आजम बोले- नहीं मैंने ऐसा कुछ नहीं सुना

