T20 वर्ल्ड कप में 24 टीम करने की तैयारी: इसके बाद 32 टीमें भी करने का विजन; अगले T20I WC सीजन में फॉर्मेट पूरी तरह बदलेगा
Published: Updated:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने टी20 वर्ल्ड कप को और बड़ा बनाने की तैयारी कर रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ICC इस टूर्नामेंट में टीमों की संख्या 20 से बढ़ाकर 24 करने पर विचार किया जा रहा है। यह नया फॉर्मेट 2030 या फिर 2032 के टी20 वर्ल्ड कप से लागू किया जा सकता है। इसका सबसे बड़ा फायदा एसोसिएट देशों को मिलेगा। उन्हें बड़े मंच पर खेलने के ज्यादा मौके मिलेंगे।
ICC बढ़ाना चाहता है टीम की संख्या
फिलहाल टी20 वर्ल्ड कप में 20 टीमें हिस्सा लेती हैं। यह फॉर्मेट पहली बार 2024 के टूर्नामेंट में लागू किया गया था। यह सीजन टीम इंडिया ने जीता था। अब ICC इसे और बड़ा बनाने की योजना पर काम कर रहा है।
ये भी पढ़ें: बाबर को चाहिए तीनों फॉर्मेट की कप्तानी: पाकिस्तानी बोर्ड ने शर्त मानी; बाबर से पहले सलमान से भी कप्तानी की बात हुई थी
रिपोर्ट्स के मुताबिक- ICC 2030 या 2032 से टीम की संख्या बढ़ाकर 24 करना चाहता है। इतना ही नहीं, भविष्य में इस संख्या को 32 टीमों तक ले जाने की भी योजना है, ताकि दुनिया के ज्यादा से ज्यादा देश इस टूर्नामेंट का हिस्सा बन सकें।

एसोसिएट देशों को मिलेगा बड़ा मौका
हाल के साल में एसोसिएट देशों ने शानदार प्रदर्शन करके सभी को प्रभावित किया है। 2026 टी20 वर्ल्ड कप में जिम्बाब्वे ने ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका जैसी मजबूत टीमों को हराकर बड़े उलटफेर किए। इसके अलावा नेपाल और इटली ने इंग्लैंड को कड़ी टक्कर दी। इससे पहले 2024 में नेपाल ने दक्षिण अफ्रीका को कड़ी चुनौती दी थी, जबकि अमेरिका ने पाकिस्तान को हराकर दुनिया को चौंका दिया था। इन प्रदर्शन ने साबित किया है कि छोटे क्रिकेट देश भी अब बड़ी टीमों को चुनौती देने की काबिलियत रखते हैं।

अगले टी20 वर्ल्ड कप का फॉर्मेट भी बदलेगा
टी20 वर्ल्ड कप 2028 ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की संयुक्त मेजबानी में खेला जाएगा। इस बार टूर्नामेंट में 20 टीमें होंगी, लेकिन फॉर्मेट पहले से अलग रहेगा। सभी 20 टीमों को 4-4 टीमों के 5 ग्रुप में बांटा जाएगा। हर ग्रुप की टाॅप दो टीमें सुपर-10 राउंड में पहुंचेंगी। इसके बाद नॉकआउट मुकाबलों के जरिए चैंपियन का फैसला होगा।

24 टीमों वाला फॉर्मेट कैसा हो सकता है?
24 टीमों को 4-4 टीमों के 6 ग्रुप में बांटा जा सकता है। हर ग्रुप से दो टीमें सुपर-12 रांउड में पहुंचेंगी। इसके बाद नॉकआउट मुकाबले खेले जाएंगे और विनर टीम का फैसला होगा। इस बदलाव से टूर्नामेंट में ज्यादा मैच होंगे और ज्यादा देशों को वर्ल्ड कप में खेलने का मौका मिलेगा।
2030 और 2032 की मेजबानी
वहीं 2030 के टी20 वर्ल्ड कप की मेजबानी इंग्लैंड, आयरलैंड और स्कॉटलैंड को मिल सकती है। जबकि 2032 टी20 वर्ल्ड कप के मेजबान का अभी तक ऐलान नहीं हुआ है। माना जा रहा है कि यदि ICC अपने प्लान के हिसाब से चला तो 24 टीमों वाला नया फॉर्मेट 2030 या 2032 के टूर्नामेंट से लागू किया जा सकता है।

